केजरीवाल के इस्तीफे को किसी ने बताया साजिश तो किसी ने कहा नाटक
बैंगलोर। शुक्रवार को नई दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने पद से इस्तीफा देकर दिल्ली की राजनीति में गर्माहट औऱ एक बहस को जन्म दे दिया है। जिसे भाजपा ने साजिश और कांग्रेस ने नाटक करार दिया है।
जहां अपने इस्तीफे को पुरजोर तरीके से सही कदम साबित करने में जुटे केजरीवाल ने कहा है कि वह देश के भक्त हैं और सत्ता के लालची नहीं। वह अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने में जुटे हैं औऱ देश के लिए सौ बार सीएम की कुर्सी कुर्बान कर सकते हैं।
तो वहीं विरोधी दलों ने केजरीवाल के इस्तीफे पर काफी चुटकी भी ली है। तो कुछ ने अरविंद केजरीवाल को बहुत बड़ा ड्रामेबाज बताया है। भाजपा ने जहां केजरीवाल को जिम्मेदारियों से भागने वाला और दिल्ली वासियों से धोखा करने वाला बताया है तो वहीं कुछ पार्टियों ने कहा कि केजरीवाल ने पीएम की कुर्सी के लिए सीएम की कुर्सी छोड़ी है।
आईये स्लाइडों के जरिये जानते हैं कि केजरीवाल को किसने क्या कहा?

यह तो होना ही था: नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के इस्तीफे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह तो होना ही था। उन्होंने गैर कांग्रेसी और गैर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मोर्चा के विषय में कहा कि बात चल रही है। पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि केजरीवाल का इस्तीफा उम्मीद के अनुरूप है। उनके इस्तीफे के अलावा कुछ भी होना संभव नहीं था। मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी के विषय में कहा कि स्थापित राजनीति में लोग बदलाव चाहते हैं, ऐसे में ऐसी पार्टियों का आना स्वाभाविक है। नीतीश ने कहा कि केजरीवाल के इस्तीफे से कांग्रेस को नुकसान होगा और भाजपा को भी बहुत बड़ा फायदा नहीं होने वाला है।

जिम्मेवारी से भाग रहे केजरीवाल : लालू
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के इस्तीफा को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने अपने जिम्मेवारियों से भागना बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के पूर्व उन्होंने जो वादा किया था वे पूरा नहीं कर सके। राजद के अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा, "जनलोकपाल इस्तीफा देने का एक बहाना है। हकीकत है कि चुनाव के दौरान उन्होंने लोगों से जो बड़े-बड़े वादे किए थे उन्हें वो पूरा नहीं कर सकते हैं और वे अपनी जिम्मेवारियों से भाग रहे हैं।"

केजरीवाल ने दिल्ली को अनिश्चितता में छोड़ा : तृणमूल
तृणमूल कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली को 'पूरी तरह अनिश्चितता' में छोड़ने का आरोप लगाया। तृणमूल ने कहा कि केजरीवाल ने देश के कानून और संविधान तक की परवाह नहीं की। तृणमूल सांसद सौगत राय ने कहा, "अरविंद ने देश का कानून और संविधान नहीं मानने का मन बना लिया था। उन्होंने खुद ही कहा था कि वे अराजकतावादी हैं।"

संविधान से परे जाने से फेल हुई आप सरकार : शीला
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने शनिवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार फेल इसलिए हुई, क्योंकि उसने संविधान के परे जाना शुरू कर दिया। शीला ने कहा, "आप ने हालांकि, दिल्ली की समस्या को दूर करने की कोशिश की, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे सफल रहे, क्योंकि उन्होंने संविधान से परे जाना शुरू कर दिया और इसीलिए वे असफल हो गए।"

आप के पास इस्तीफे के अलावा कोई विकल्प नहीं था : भूषण
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने शनिवार को कहा कि दिल्ली विधानसभा में जन लोकपाल विधेयक के पेश न हो पाने के बाद आप सरकार के पास इस्तीफे के अलावा कोई विकल्प नहीं रह गया था। भूषण ने कहा कि विधेयक दिल्ली की जनता से किया गया पहला वादा था। उन्होंने कहा, "हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी थी भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाना और उसे चलाना, लेकिन अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस हमें विधेयक पारित नहीं करने देती, तब हमारा सत्ता में रहने का क्या औचित्य है।"












Click it and Unblock the Notifications