बिहार चुनाव: रणदीप सुरजेवाला बनाए गए चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति के अध्यक्ष
नई दिल्ली। बिहार में इस महीने विधानसभा चुनावों होने वाले हैं। सभी पार्टियां चुनावों में अपना दमखम दिखाने में जुटी हुई हैं। इसी बीच आरजेडी के साथ मिलकर लड़ रही कांग्रेस पार्टी भी चुनावों की तैयारी में जुटी हुई है। कांग्रेस पार्टी ने रविवार को पार्टी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला को विधानसभा चुनावों के लिए इलेक्शन मैनेजमेंट एंड कॉर्डीनेशन कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया है। इसके अलावा कांग्रेस ने बिहार चुनावों के लिए 6 कमेटियों का गठन किया है।

पब्लिसिटी कमेटी के संयोजक सुबोध कुमार बनाए गए हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा को मीडिया कोऑर्डिनेशन कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। पब्लिक मीटिंग और लॉजिस्टिक कमेटी के संयोजक ब्रजेश कुमार मन्नू बनाए गए हैं। लीगल कमेटी के चेयरमैन वरुण चोपड़ा को बनाया गया है। वहीं ऑफिस मैनेजमेंट की जिम्मेदारी डॉ अशोक कुमार को सौंपी गई है।
इससे पहले शनिवार को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के लिए कांग्रेस ने अपने 30 स्टार प्रचारकों की सूची शनिवार को जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी , प्रियंका गांधी वाड्रा, मनमोहन सिंह, मीराकुमार, गुलाम नबी आजाद, सचिन पायलट और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे दिग्गज शामिल हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने बुधवार को 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी थी।
बिहार चुनाव में राजद और वाम दलों के साथ तालमेल करके उतर रही कांग्रेस 70 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। बता दें कि कोरोना संकट के बीच चुनाव आयोग ने 25 सितंबर को बिहार विधानसभा चुनाव तारीखों की घोषणा कर दी। 28 अक्टूबर को प्रथम चरण का मतदान, वहीं दूसरे चरण का तीन नवंबर और अंतिम चरण का सात नवंबर को होगा। जबकि नतीजे की घोषणा 10 नवंबर को होगी। खास बदलाव यह है कि मतदान के लिए एक घंटे का वक्त बढ़ाया गया है। यह सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। यह बदलाव नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नहीं होगा। अन्य सुरक्षा इंतजाम भी किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications