Raksha Bandhan 2024: रक्षा बंधन की PM मोदी ने देशवासियों को दी बधाई, कहा- समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए
Raksha Bandhan 2024: रक्षा बंधन का पर्व पूरे देश में आज (19 अगस्त) बड़े हर्सोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस दिन बहन अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र यानी राखी का बांध उसकी लंबी आयु के साथ रक्षा का वचन लेती है। इस खास दिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'समस्त देशवासियों को भाई-बहन के असीम स्नेह के प्रतीक पर्व रक्षाबंधन की ढेरों शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के रिश्तों में नई मिठास और जीवन में सुख, समृद्धि एवं सौभाग्य लेकर आए।'

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X पर लिखा, 'रक्षा बंधन के पावन अवसर पर, मैं सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। भाई-बहन के बीच प्रेम और आपसी विश्वास की भावना पर आधारित यह त्योहार, सभी बहन-बेटियों के प्रति स्नेह और सम्मान की भावना का संचार करता है। मैं चाहूंगी कि इस पर्व के दिन, सभी देशवासी, हमारे समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करने का संकल्प लें।'
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी रक्षा बंधन की बधाई दी है। उन्होंने X पर लिखा, 'भाई-बहन के अगाध स्नेह एवं अटूट विश्वास के प्रतीक, महापर्व रक्षाबंधन की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई व अनंत शुभकामनाएं!यह पर्व आप सभी के जीवन में सौभाग्य लाए, समाज में सद्भाव, सौहार्द व सहयोग की भावना और अधिक सशक्त हो, प्रभु श्री राम से यही प्रार्थना है।'
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने X पर लिखा, 'समस्त देशवासियों को 'रक्षाबंधन' के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। भाई-बहन के अटूट प्रेम व स्नेह के इस पर्व पर सभी के सुख व समृद्धि की प्रार्थना करता हूं।'
वहीं, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ अपनी तस्वीर X पर साझा करते हुए लिखा, 'भाई-बहन के अटूट प्रेम एवं स्नेह के पर्व, रक्षाबंधन की सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। रक्षा का यह सूत्र आपके इस पावन रिश्ते को सदैव मजबूती के साथ जोड़े रहे।'
रक्षा बंधन का महत्व
रक्षाबंधन एक पारंपरिक हिंदू त्यौहार है, जिसमें बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र या 'राखी' बांधती हैं। बदले में, भाई अपनी बहनों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाने की कसम खाते हैं। यह अनुष्ठान परिवारों में आपसी सम्मान और देखभाल का प्रतीक है।












Click it and Unblock the Notifications