संसद में आज गूंजेगा LAC पर तनाव का मुद्दा, राजनाथ सिंह दे सकते हैं बयान
नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच LAC पर जारी गतिरोध के बीच आज यानी कि मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लोकसभा में भाषण देंगे। रिपोर्ट्स की मानें तो राजनाथ सिंह दोपहर तीन बजे संसद में जवाब देंगे। गौरतलब है कि विपक्ष लंबे वक्त से चीन को लेकर सरकार पर हमलावर हो रहा है और बार-बार सरकार से जवाब मांगता रहा है। आज भी लोकसभा में विपक्ष के नेता ने चीन मामले को उठाने की कोशिश की। कोरोना की महामारी के बीच संसद का मॉनसून सत्र सोमवार से ही प्रारंभ हुआ है।
Recommended Video

आपको बता दें कि अभी हाल में रूस की राजधानी मॉस्को में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक से इतर यह मुद्दा उठाया गया था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके चीनी समकक्ष के बीच तकरीबन 2 घंटे बैठक चली। बैठक में तय हुआ कि दोनों देश आपसी बातचीत से सीमा विवाद का मुद्दा सुलझाएंगे, लेकिन इस पर फैसला नहीं हो सका कि दोनों देशों की सेनाएं कब पीछे हटेंगी।
रक्षा मंत्रियों की बैठक के बाद एससीओ से इतर भारत और चीन के विदेश मंत्री एक दूसरे से मिले और वार्ता की।
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में भारत ने साफ कर दिया कि वह हर हाल में अपनी संप्रभुता की रक्षा करेगा। बैठक में तय हुआ कि दोनों देश बातचीत के क्रम के जारी रखेंगे और विवाद को शांतिपूर्वक सुलझाने पर जोर देंगे। हालांकि बाद में चीन की तरफ से बयान आया कि मुद्दा सुलझाने की पूरी जिम्मेदारी भारत पर है। भारत ने भी साफ कर दिया कि चीन जब तक सीमा पर यथास्थिति बरकरार नहीं करता है, तब तक उसके साथ व्यापारिक रिश्ते सामान्य नहीं होंगे।












Click it and Unblock the Notifications