VIDEO: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बोले-प्रलोभन देकर या डरा कर किसी का धर्मांतरण कराना महापाप
लखनऊ। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि लालच और डरा धमका कर किसी का धर्म परिवर्तन करवा देना महापाप है। इसको कानून और सख्ती के जरिए रोकना आसान नहीं है। रक्षा मंत्री ने इसके खिलाफ सामाजिक जागरुकता फैलना के कामों को शुरू करने की जरूरत बताई। राजनाथ सिंह लखनऊ में आयोजित 'परिवर्तन कुम्भ' के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में आयोजित एकल अभियान परिवर्तन कुंभ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, हमारा मानना है कि जो जिस धर्म का पालन कर रहा है, उसे पालन करने की पूरी आजादी है। जोर जबरदस्ती से या लालच देकर धर्मांतरण करना महापाप से कम नहीं है। इसको कानून और सख्ती के जरिए रोकना आसान नहीं है। इसके लिए जनजागरण अभियान की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाना है तो हर व्यक्ति को शिक्षित और संस्कारी होना जरुरी है और यही कार्य एकल अभियान कर रहा है। नक्सल, उग्रवाद, आदिवासी वनवासी जैसे इलाके जहां जाने में बड़े-बड़े दिलेर लोगों की हिम्मत नहीं होती, वहां एकल अभियान विद्यालय चला रहा है, उन्हें शिक्षा के साथ संस्कार दे रहा है, देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर रहा है, यह एक वृहद कार्य है। नए भारत के निर्माण में भी एकल अभियान कार्यकर्ता अहम भूमिका निभा रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि नये भारत का निर्माण शिक्षा से ही संभव है। 2022 तक नए भारत के निर्माण में भी आप (एकल अभियान) भूमिका निभा रहे हैं। ज्ञान से ही महान नहीं होता है। ज्ञान के साथ संस्कार भी जरूरी हैं। रावण तो अधिक ज्ञानी और बलवान था। मृत्यु पर विजय भी प्राप्त की थी, लेकिन पूजा भगवान राम की होती है। अंतर संस्कार और चरित्र का है। भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए संस्कारित भी होना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications