शोपियां में आतंकियों ने राजस्थान के ट्रक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या की
श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर के शोपियां में सोमवार को आतंकियों ने एक ट्रक ड्राइवर को निशाना बनाया है। सोमवार को एक संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक समेत दो आतंकवादियों ने राजस्थान के ट्रक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी और एक बाग के मालिक से मारपीट की। यह ट्रक राजस्थान का बताया जा रहा है। पुलिस को शक है कि हमलावरों में एक पाकिस्तानी आतंकी भी शामिल है, जिसकी तलाश की जा रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आतंकियों ने शोपियां के शीरमल गांव में सोमवार शाम एक ट्रक ड्राइवर पर फायरिंग की। इस घटना में ट्रक ड्राइवर शरीफ खान की मौके पर ही मौत गई। ड्राइवर की पहचान शरीफ खान के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि घाटी में फलों से भरे ट्रकों की आवाजाही शुरू होने से हताश होकर आतंकवादियों ने शीरमाल गांव में यह हमला किया।
इस घटना की जानकारी के बाद इलाके में सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की टीमों को भेजा गया। यह घटना तब हुई जब कश्मीर में 72 दिन के प्रतिबंध के बाद पोस्टपेड मोबाइल सेवाएं बहाल हुई हैं। आतंकी घटना के बाद शोपियां के शीरमल गांव में बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने बताया है कि इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है।
खुफिया एजेंसियों से मिले अलर्ट के बाद से जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबल नेशनल हाइवे से गुजरन वाले सरकारी वाहनों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षाबलों और स्थानीय पुलिस को आतंकियों की नई रणनीति को लेकर चेतावनी दी है। खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर कहा है कि आतंकवादी जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हमला कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications