भाजपा के मंत्री बोले, पाकिस्तान को नहीं मिला राफेल इसलिए परेशान हैं राहुल गांधी
जयपुर। राफेल को लेकर देश में घमासान मचा हुआ है। राफेल को लेकर बीजेपी पर कांग्रेस के हमले कम नहीं हो रहे हैं। वहीं, अब राजस्थान के एक मंत्री ने भी राफेल डील को लेकर बयान दिया है। राजस्थान के मंत्री जसवंत सिंह यादव ने कहा है कि राफेल पाकिस्तान को नहीं मिला इसलिए राहुल गांधी परेशान हैं। जसवंत सिंह यादव अलवर में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे और उसी वक्त ये बातें उन्होंने कहीं।

जसवंत सिंह यादव ने कहा कि राफेल का सौदा हुआ, राफेल का सौदा काफी मुश्किलों के बाद हुआ और उसके बाद भारत को ये लड़ाकू विमान हासिल हुए। ये विमान पाकिस्तान को नहीं मिल सके। राहुल गांधी इसलिए परेशान हैं कि राफेल पीएम मोदी को मिल गया लेकिन पाकिस्तान को नहीं मिल पाया। राजस्थान के मंत्री ने राहुल गांधी पर लगातार हमले बोले।
बता दें कि राफेल को लेकर कांग्रेस लगातार पीएम मोदी पर हमले कर रही है। जबकि राहुल गांधी पीएम मोदी पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं और उन्हें भ्रष्ट और चोर तक कहा है जिसके बाद बीजेपी की तरफ से भी बयानबाजी तेज हो गई है। राफेल डील को लेकर जारी विवाद के कारण देश की राजनीति में हलचल मची हुई है और रोज कोई न कोई बयान इस कड़ी में जुड़ते जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications