भारत मां की बजाय सोनिया गांधी की जय बोलना नामदार का चरित्र: मोदी
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राजस्थान में अपनी रैलियों में कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाना बनाया। नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये लोग अपने नेताओं को भारत माता की जय नहीं बोलने देते। राहुल गांधी को नामदार कहकर संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि उनका चरित्र भारत माता की नहीं सोनिया गांधी की जय बोलना है। वहीं 1947 में बंटवारे के वक्त करतारपुर के पाक की तरफ रहने को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस की आलोचना की। पीएम ने देश की सारी बीमारियों की जड़ कांग्रेस को बताया।

कांग्रेस ने करतारपुर पाकिस्तान को दिया
राजस्थान के हनुमानगढ़ में चुनावी सभा में मोदी ने कहा, सत्ता के मोह में कांग्रेस पार्टी ने इतनी गलतियां की है जिनको आज पूरे देश को भुगतना पड़ रहा है। विभाजन के समय अगर कांग्रेस नेताओं में इस बात की थोड़ी भी समझदारी, संवेदशीलता और गंभीरता होती तो तीन किलोमीटर की दूरी पर हमारा करतारपुर हमसे अलग नहीं होता, क्यों कांग्रेस को 1947 में याद नहीं आया की करतारपुर हिन्दुस्तान में होना चाहिए?
कांग्रेस की सोचने की क्षमता और संवेदशीलता के अभाव के कारण गुरु नानक देव जी से जुड़ा करतारपुर साहिब पाकिस्तान में चला गया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि उन्हें राजगद्दी के अलावा कुछ नहीं दिखता था, ये गुरु परंपरा का आशीर्वाद ही है जिससे हमारी सरकार ने ये कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया। आज अगर करतारपुर कॉरिडोर बन रहा है तो इसका क्रेडिट मोदी को नहीं बल्कि देश की जनता के वोट को जाता है।

सरदार पटेल पीएम होते तो किसान खुशहाल होते
मोदी ने यहां कहा, 5 साल पहले अखबार में हेडलाइन होती थी कि आज कोयले में इतना घोटाला हुआ, 2जी का घोटाला हुआ, पनडुब्बी में घोटाला हुआ, इसने चोरी की, उसने लूट लिया। आज सरकार बने इतने साल हो गए अब ऐसी खबरें नहीं आती, देश के पैसों की लूट बंद हो गई।
प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस की गलत नीतियों और पापों का ही परिणाम है कि देश के किसानों को मुसीबत झेलनी पड़ रही है। अगर एक किसान का बेटा, सरदार पटेल देश के पहले प्रधानमंत्री बने होते तो किसानों की ये हालत आज न होती। एक ही परिवार की 4 पीढ़ी जिनको न खेत की समझ है न किसान की समझ है उन्होंने ऐसी नीति बनाई कि मेरे देश का किसान बर्बाद हो गया।

सीकर में राहुल पर निशाना
सीकर में अपनी सभा में नरेंद्र मोदी ने कहा कि चुनाव में अपनी पराजय को देखकर कांग्रेस के नामदार भारत माता का अपमान करने पर उतर आये है। इंदिरा इज इंदिरा से लेकर के भारत मां की जय के बजाय सोनिया गांधी की जय बोलना नामदार का चरित्र है, हम तो जियेंगे भी भारत मां के लिए और मरेंगे तो भी भारत मां के लिए। मोदी ने यहां देश की सारी समस्याओं की जड़ कांग्रेस को बताया।












Click it and Unblock the Notifications