राहुल राजनीति में नेहरू-गांधी परिवार की आखिरी विरासत होंगे- बीजेपी नेता का बड़ा बयान
हैदराबाद। इस वक्त भाजपा की पूरी कोशिश है कि वो देश को कांग्रेस मुक्त बनाए, भारत के 18 राज्यों में इस वक्त भगवा झंडा लहरा रहा है, कहीं वो बहुमत के जरिए सरकार चला रही है तो कहीं पर उसने गठबंधन के जरिए सरकार बना ली है। भाजपा अभी से साल 2019 की तैयारी में है, जिसके बारे में अब उसने बयान देने भी शुरू कर दिए हैं।
पर्लसिटी के नाम से मशहूर हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता जी. वी. एल. नरसिम्हा राव ने मीडिया में एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मत प्रतिशत 55 फीसदी होगा।

2019 में बढ़कर 55 फीसदी हो जाएगा
उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए सर्वेक्षण के अनुसार, 73 फीसदी भारतीय नरेंद्र मोदी का समर्थन करते हैं और भाजपा एक के बाद एक दूसरे राज्यों की सत्ता में आती जा रही है। उन्होंने कहा कि 2014 में जहां राजग को 42 फीसदी वोट मिले थे, जो 2019 में बढ़कर 55 फीसदी हो जाएगा।

50 फीसदी से अधिक मत
राव ने कहा कि और ऐसा स्वतंत्र भारत में दूसरी बार होगा, जब कोई सरकार 50 फीसदी से अधिक मत प्रतिशत हासिल कर सत्ता में आएगी। उन्होंने यह भी भविष्यवाणी की कि 2019 में कांग्रेस का मत प्रतिशत घटकर 10 फीसदी रह जाएगा।

दुनिया की सर्वाधिक लोकप्रिय सरकारों में से एक
मालूम हो कि राव ने वैश्विक निर्वाचन सर्वेक्षण एजेंसी गैलप द्वारा हाल ही में किए गए अध्ययन के आधार पर कही है जिसमें कहा गया है कि नरेंद्र मोदी की सरकार दुनिया की सर्वाधिक लोकप्रिय सरकारों में से एक है।

कर्नाटक में कमल खिलेगा
राव ने कहा कि इस बार फिर से कर्नाटक में कमल खिलेगा, राज्य की जनता कांग्रेस के खोखले वादों और दावों को जान चुकी है। हम यहां दो तिहाई बहुमत हासिल करेंगे।

राहुल गांधी राजनीति में नेहरू-गांधी परिवार की आखिरी विरासत
लोगों का भरोसा अगर बीजेपी के प्रति बढ़ा है तो इसके पीछे कारण ये है कि हम सकारात्मक राजनीति कर रहे हैं और देश हित के बारे में सोच रहे हैं, विकास ही हमारा मकसद है औऱ जनता इसे समझ चुकी है। उन्होंने भविष्यवाणी कर डाली कि राहुल गांधी राजनीति में नेहरू-गांधी परिवार की आखिरी विरासत होंगे।












Click it and Unblock the Notifications