राहुल गांधी की अधीर रंजन को नसीहत, बोले- ममता मेरी करीबी हैं...ऐसे कमेंट से फर्क नहीं पड़ता
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले हुए हैं। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने ममता बनर्जी को अपना करीबी बताया। दरअसल, इंडिया गठबंधन के अंदर सीट शेयरिंग को लेकर अब तक कुछ साफ नहीं हो सका है। इसी बीच अधीर रंजन चौधरी की ममता बनर्जी के ऊपर की गई टिपण्णी ने सियासी पारा बढ़ा दिया है।
इस मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उनकी 'बहुत करीबी' हैं और सीट-बंटवारे की बातचीत पर तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो के खिलाफ अधीर रंजन चौधरी की तीखी टिप्पणी से 'कोई फर्क नहीं पड़ेगा'।

अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा से इतर मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए बंगाल में सीट बंटवारे पर तृणमूल कांग्रेस के साथ बातचीत चल रही है। जब गांधी से चौधरी की हालिया टिप्पणी के बारे में पूछा गया कि कांग्रेस उनकी सहायता के बिना लोकसभा चुनाव लड़ेगी, तो उन्होंने कहा, "ममता बनर्जी मेरी बहुत करीब हैं। कभी-कभी हमारे नेता कुछ कहते हैं। ऐसी टिप्पणियों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।"
पूर्व कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि उन्होंने ममता बनर्जी और नीतीश कुमार को अपनी यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है जब उनकी यह यात्रा पश्चिम बंगाल और बिहार से होकर गुजरेगी।
यह भी देखें: Lok sabha election 2024 उत्तराखंड में 'इंडिया' को एकजुट करने की कांग्रेस की पहल, जानिए क्या है प्लानिंग
पिछले हफ्ते एक रिपोर्ट के सामने आने के बाद, जिसमें कहा गया था कि तृणमूल पश्चिम बंगाल की सभी 42 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार उतार सकती है, अधीर रंजन चौधरी के ममता बनर्जी को "अवसरवादी" कहा था।
उन्होंने कहा, "हम ममता की मदद से चुनाव नहीं लड़ेंगे। कांग्रेस जानती है कि अपने बल पर कैसे लड़ना है और ममता बनर्जी को याद रखना चाहिए कि कांग्रेस के समर्थन से ही वह बंगाल में सत्ता में आई थीं।"
यह भी देखें: Ram Mandir Impact: राम मन्दिर का चुनावों पर कितना असर पड़ेगा?
कथित तौर पर तृणमूल ने पश्चिम बंगाल में कांग्रेस को दो सीटों की पेशकश की थी, लेकिन सबसे पुरानी पार्टी टीएमसी के साथ समझौते के तहत चुनाव लड़ने के लिए ज्यादा सीटों की तलाश कर रही थी।
20 जनवरी को मुर्शिदाबाद जिला नेतृत्व के साथ तृणमूल के शीर्ष नेताओं की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पार्टी बरहामपुर सहित सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जहां से अधीर रंजन चौधरी मौजूदा सांसद हैं।
यह भी देखें: आज हुए लोकसभा चुनाव तो बिहार में INDIA अलायंस बनेगा NDA के लिए मुसीबत? नए सर्वे ने चौंकाया












Click it and Unblock the Notifications