राहुल गांधी का पीएम मोदी पर बड़ा हमला, बोले- चीन ने पीएम मोदी को अपने जाल में फंसा लिया है
नई दिल्ली। लोकसभा सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमे वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपनी फर्जी छवि पेश करने को लेकर हमला बोल रहे हैं। चीन मसले पर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए इस वीडियो में राहुल कहते हैं, यह साधारण सीमा विवाद नहीं है, मेरी चिंता यह है कि चीनी हमारी सीमा में बैठे हैं। चीन बगैर रणनीतिक सोच के कोई कदम नहीं उठाते हैं। इस वीडियो को चीन की रणनीति उजागर के नाम से राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर साझा किया है।
Recommended Video

यह साधारण सीमा विवाद नहीं
राहुल कहते हैं कि चीनियों के दिमाग में उनके दिमाग में संसार का नक्शा खींचा हुआ है और वो अपने हिसाब से उसे आकार दे रहे हैं। जो वह कर रहा है, वह उसका पैमाना है, उसी के तहत ग्वादर है, उसी में बेल्ट एंड रोड आता है। यह दरअसल इस संसार की पुनर्रचना है। इसलिए जब आप चीनियों के बारे में सोचें, आपको यह समझना होगा कि वह किस स्तर पर सोच रहे हैं। अब अगर आप सामरिक स्तर पर देखें, वह अपनी स्थिति मजबूत कर रहे हैं, चाहे वह गलवान हो, डेमचोक हो या फिर पैंगोंग झील। इनका स्पष्ट इरादा है, मजबूत स्थिति में जाना। हमारे हाइवे से वो परेशान हैं। वह हमारा हाइवे बंद करना चाहते हैं और अगर वह कुछ बड़ा सोच रहे हैं, पाकिस्तान के साथ कश्मीर में। लिहाजा यह साधारण सीमा विवाद नहीं है।
यह सुनियोजित सीमा विवाद है
राहुल कहते हैं कि यह सुनियोजित सीमा विवाद है, भारतीय प्रधानमंत्री पर दबाव बनाने के लिए और वह खास तरीके से दबाव डालने के बारे में सोच रहे हैं। इसके लिए जो वो कर रहे हैं, वह उनकी छवि पर हमला कर रहे है, वह जानते हैं कि नरेंद्र मोदी के लिए प्रभावी राजनीतिज्ञ रहना मजबूरी है। एक राजनीतिज्ञ के रूप में बने रहने के लिए उन्हें अपनी 56 इंच की छवि की रक्षा करनी होगी और यही असली विचार है, जिसपर चीन हमला कर रहा है। वो मूल रूप से नरेंद्र मोदी को कह रहे हैं कि अगर आप वो नहीं करेंगे जो चीन चाहता है तो वह नरेंद्र मोदी की मजबूत नेता की छवि को बर्बाद कर देंगे।
पीएम कैसे प्रतिक्रिया देते हैं, यह अहम सवाल है
अब प्रश्न उठता है कि नरेंद्र मोदी कैसे प्रतिक्रिया देंगे। क्या वह उनका सामना करेंगे, क्या वह चुनौती को स्वीकार करेंगे और कहेंगे बिल्कुल नहीं। मैं भारत का प्रधानमंत्री हूं। मैं अपनी छवि की चिंता नहीं करता, मैं तुम्हारा सामना करूंगा, या फिर वह उनके सामने हथियार डाल देंगे, यही मेरी अबतक की चिंता रही है कि प्रधानमंत्री दबाव में आ गए हैं। मुझे चिंता है कि चीनी आज हमारे इलाके में बैठे है और प्रधानमंत्री खुलेआम यह कह रहे हैं कि वह हमारी सीमा में नहीं बैठे हैं। इससे मुझे साफ तौर पर पता चलता है कि वह अपनी छवि को लेककर चिंतित हैं और उनको अपनी छवि बचाने पर ज्यादा ध्यान है। अगर पीएम चीनियों को यह समझने का मौका देते हैं कि पीएम को छवि की चिंता है तो उन्हें चंगुल में लिया जा सकता है, ऐसे में प्रधानमंत्री देश के लिए किसी काम के नहीं रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications