भारत-चीन तनाव: राजनाथ सिंह के बयान पर बोले राहुल गांधी-मोदी जी ने देश को किया गुमराह
नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर जारी तनाव पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज लोकसभा में विस्तार से बयान दिया। राजनाथ सिंह के बयान के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि, रक्षामंत्री के बयान से साफ है कि मोदी जी ने देश को चीनी अतिक्रमण पर गुमराह किया। आप कब चीन के खिलाफ खड़े होंगे?


राजनाथ ने कहा कि सीमा पर भारतीय जवान पूरी सर्तकता के साथ तैयार हैं। राजनाथ ने चीन को बातचीत का प्रस्ताव देते हुए कहा कि अगर ड्रैगन सीमा पर कोई हरकत करेगा तो हमारे जवान उसे माकूल जवाब भी देंगे। उन्होंने कहा कि, सेना के लिए विशेष अस्त्र-शस्त्र और गोला बारूद की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उनके रहने के तमाम बेहतर सुविधाएं दी गई हैं। उन्होंने कहा कि लद्दाख में हम एक चुनौती के दौर से गुजर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अप्रैल महीने में लद्दाख की सीमा पर चीन के सैनिकों और हथियारों में बढ़ोत्तरी देखी गई है। चीन की सेना ने हमारी पट्रोलिंग में रुकावट डालने की कोशिश की है। जिससे तनाव का माहौल पैदा हुआ है। हमारे जवानों ने चीन की सेना को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। हमारे सैनिकों को शौर्य की जरूरत थी, जो उनके अंदर दिखा। सिंह ने कहा कि चीन ने माना कि उनके सैनिकों मे 29-30 अगस्त को रात्रि में पैंगोंग में घुसने की कोशिश की है, जिसे भारतीय सेना ने रोक दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं सदन को आश्वस्त करना चाहता हूं कि देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। जरूरत पड़ने पर बड़ी कार्रवाई कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications