यूपी में सपा-बसपा के साथ गठबंधन को लेकर राहुल गांधी का बड़ा बयान
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में जिस तरह से सपा और बसपा एक दूसरे के साथ आगामी लोकसबा चुनाव के लिए गठबंधन की कवायद कर रहे हैं और उन्होंने कांग्रेस को इस गठबंधन में नजरअंदाज किया है, उसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बड़ा बयान दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की क्षमता को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हैं, कांग्रेस को प्रदेश में कमतर आंकना बड़ी गलती होगी। राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब सपा और बसपा ने प्रदेश में एक साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।

राहुल ने दिखाए तेवर
दरअसल प्रदेश में सपा-बसपा के बीच सीटों का बंटवारा तकरीबन तय हो गया है। जानकारी के अनुसार दोनों ही पार्टियां 37-37 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे, जबकि कांग्रेस को सिर्फ 2 सीटें दी गई है। ऐसे में जिस तरह से कांग्रेस को गठबंधन में किनारे लगाया गया है उसके बाद राहुल गांधी ने अपने तेवर साफ कर दिए हैं। इस मुद्दे पर पहली बार बात करते हुए राहुल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में काफी दिलचस्प चीजें हैं, कांग्रेस प्रदेश में काफी दिलचस्प काम कर सकती है, जोकि लोगों को भी चकित कर देगा।

हमारा लक्ष्य नरेंद्र मोदी को हराना
राहुल ने कहा कि हमारा पहला लक्ष्य नरेंद्र मोदी को हराना है, हम प्रदेश में काफी मजबूत स्थिति में हैं। जिन राज्यों में हम भाजपा के खिलाफ सीधा मुकाबला कर रहे हैं वहां हमारी स्थिति काफी मजबूत है। महाराष्ट्र, झारखंड, तमिलनाडु, बिहार ऐसे राज्य हैं जहां संभावित गठबंधन हो सकता है। हम यहां गठबंधन के फॉर्मूले पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए कांग्रेस की योजना काफी मजबूत है। ऐसे में प्रदेश को लेकर हमे पूरा विश्वास है, लोगों को चौंकाने वाले फैसले देखने को मिलेंगे।

हमें कमतर आंकना गलत
राहुल से जब पूछा गया कि क्या वह सपा और बसपा के खिलाफ उम्मीदवार उतारेंगे तो उन्होंने कहा कि हम गठबंधन की कोशिश कर रहे हैं और विपक्ष को साथ लाने की कोशिश कर रहे हैं। बिहार, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, झारखंड में यह हो रहा है। यूपी में भी इसी के प्रयास चल रहे हैं। हम एक साथ चुनाव लड़ेंगे और नरेंद्र मोदी को हराएंगे। लेकिन मैं एक बार फिर से कहना चाहता हूं कि कांग्रेस को कमतर आंकना बड़ी गलती होगी।












Click it and Unblock the Notifications