'देश को पता होना चाहिए',राहुल गांधी ने कांग्रेस अधिवेशन में दोहराई जाति जनगणना की मांग, ट्रंप-टैरिफ पर भी घेरा
Rahul Gandhi Congress Session: गुजरात के अहमदाबाद में चल रहे कांग्रेस अधिवेशन के दूसरे दिन कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने भाषण में राहुल गांधी ने जातिय जनगणना की मांग एक बार फिर दोहराई। इसी के साथ नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूएस के लगाए टैरिफ पर भी पीएम मोदी को घेरा।
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा, "तेलंगाना में जाति जनगणना का क्रांतिकारी कदम हमने उठाया। उससे कुछ महीने पहले मैंने संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा था कि हमें देश में जाति जनगणना करवानी चाहिए, मैं जानना चाहता था कि इस देश में किसकी कितनी हिस्सेदारी है और क्या यह देश सही मायने में आदिवासी, दलित और पिछड़े समुदायों का सम्मान करता है।"

'देश में कितने अल्पसंख्यक, गरीब हैं पता होना चाहिए..'
राहुल गांधी ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा," प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस ने जाति जनगणना से साफ इनकार कर दिया क्योंकि वे नहीं चाहते कि इस देश में अल्पसंख्यकों को कितनी हिस्सेदारी मिलती है। मैंने उनसे कहा कि हम संसद में आपके सामने ही जाति जनगणना कानून पारित करेंगे।"
ट्रंप और टैरिफ पर राहुल गांधी का हमला
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्रंप और टैरिफ पर भी पीएम मोदी को घेरा। कांग्रेस सांसद ने कहा, "क्या आपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप की गले मिलते हुए तस्वीर देखी है? राष्ट्रपति ट्रंप, जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी अपना दोस्त कहते हैं, ने आदेश दिया कि इस बार गले नहीं मिलेंगे, इस बार मैं नए टैरिफ लगाऊंगा। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने एक शब्द भी नहीं कहा। जनता का ध्यान भटकाने के लिए संसद में दो दिन तक ड्रामा किया गया। हकीकत यह है कि भारत में वित्तीय तूफान आने वाला है।"
राहुल गांधी ने वक्फ बिल पर आरएसएस को घेरा
वहीं वक्फ बिल पर राहुल गांधी ने कहा कि उनकी (आरएसएस) विचारधारा संविधान के खिलाफ है। वे लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। वे भारत की सभी संस्थाओं पर नियंत्रण करना चाहते हैं और देश का पैसा अंबानी अडानी को सौंपना चाहते हैं। वक्फ (संशोधन) विधेयक धर्म की स्वतंत्रता और संविधान पर हमला है। हमारे दलित नेता टीका राम जूली के मंदिर जाने के बाद भाजपा नेताओं ने मंदिर की गंगाजल से धोया, यह हमारा धर्म नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications