झूठ और खोखले नारों के लिए मोदी सरकार के पास है एक सीक्रेट मंत्रालय: राहुल गांधी
नई दिल्ली, 13 जून: पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में सियासी हलचल तेज है। उम्मीद जताई जा रही है कि पीएम मोदी जल्द ही अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। इसके लिए 11 जून को उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। बाद में शनिवार को प्रधानमंत्री ने कई मंत्रालयों के कार्यों की समीक्षा की। अब इसी को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है।

Recommended Video
राहुल गांधी ने ट्वीट कर पूछा कि भारत सरकार का सबसे कुशल मंत्रालय कौन सा है? इसके बाद उन्होंने जवाब देते हुए लिखा कि वो एक गुप्त मंत्रालय है, जो झूठ और खोखले नारे तैयार करता है। इससे पहले एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों पर निशाना साधा। राहुल ने लिखा कि महामारी, महंगाई, बेरोजगारी, जो सब देखकर भी बैठा है मौन, जन-जन देश का जानता है, जिम्मेदार कौन।

यूपीए की गिनाई उपलब्धि
आपको बता दें कि लंबे वक्त से राहुल गांधी ने मोदी सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल रखा है, जहां पर वो रोजाना ट्वीट कर सरकार की खामियों और यूपीए की सफलताओं को गिनाते हैं। हाल ही में एक रिपोर्ट आई थी कि लॉकडाउन के बाद मनरेगा में ज्यादा लोग काम करने पहुंच रहे हैं। जिस पर राहुल ने लिखा कि देश के कमजोर वर्ग को अबकी बार भी मनरेगा से राहत मिल रही है। लॉकडाउन से हुई आर्थिक तंगी से निपटने के लिए इस योजना को और मजबूत करना जरूरी है। सरकार किसी की भी हो, जनता भारत की है और जनहित हमारी जिम्मेदारी है।












Click it and Unblock the Notifications