Rahul Disqualified: काले कपड़े पहनकर सदन पहुंचे कांग्रेस MP, स्पीकर पर फेंके कागज
गौतम अडानी और राहुल गांधी के मु्द्दे पर संसद में विपक्ष का हंगामा जारी है। सोमवार को विपक्षी दल के सांसद सदन में काले कपड़े पहनकर पहुंचे। साथ ही गांधी प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सदस्यता जाने के बाद से विपक्षी दलों का हंगामा जारी है। जिसका असर लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही में भी पड़ रहा। इस फैसले के विरोध में सोमवार को कांग्रेस के सांसद काले कपड़े पहनकर पहुंचे। जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़ेग, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। वहीं लोकसभा की कार्यवाही के दौरान विपक्षी दल के सांसदों ने स्पीकर पर कागज फेंके, जिसके बाद उन्होंने अपनी कुर्सी छोड़ दी और कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा।
दूसरी ओर कांग्रेस ने विपक्षी दलों की बैठक बुलाई थी। जिसमें डीएमके, सपा, जदयू, बीआरएस, सीपीएम, आरजेडी, एनसीपी, सीपीआई, IUML, एमडीएमके, केसी, टीएमसी, आरएसपी, आप, जम्मू कश्मीर एनसी, शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद शामिल हुए। कई विपक्षी दलों ने भी कांग्रेस का साथ दिया और उसके सांसद काले कपड़े पहनकर पहुंचे।
कार्यवाही करनी पड़ी स्थगित
वहीं सोमवार को जैसे ही लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई, वैसे ही विपक्षी दलों ने हंगामा कर दिया। वो अडानी और राहुल गांधी की सदस्यता खत्म होने का मुद्दा उठाने लगे। इस वजह से कुछ देर के लिए दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कही ये बात
वहीं मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी के ऊपर जो मामला दर्ज किया गया वो मेरे शहर कोलार का है। आपने कोलार शहर में दिए भाषण का सूरत में मामला दर्ज किया। आपने ऐसा इसलिए किया क्योंकि आपको अनुकूल सरकार चाहिए थी जिससे आप पुलिस, प्रशासन का इस्तेमाल कर राहुल गांधी को बदनाम कर सकें। उन्होंने आगे कहा कि हम 18 राजनीतिक पार्टी मिलकर संयुक्त संसदीय समिति (JPC) की मांग कर रहे हैं। इससे सत्यता बाहर आएगी और लोगों को पता चलेगा कि हम यह मांग क्यों कर रहे हैं। आप JPC से क्यों डर रहे हैं? आपके पास 2/3 बहुमत है और उसमें भी आप ही के सदस्य ज्यादा रहेंगे। इसका मतलब है कि दाल में कुछ काला है।
गांधी प्रतिमा के पास प्रदर्शन
वहीं सदन की कार्यवाही स्थगित होते ही कांग्रेस सांसद परिसर में लगी गांधी प्रतिमा के पास पहुंचे। वहां पर उन्होंने अडानी के मुद्दे पर मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान सोनिया गांधी और मल्लिकार्जन खड़गे भी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications