कर्नाटक विधानसभा चुनाव: राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस की पांच बड़ी बातें
बेंगलुरु। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी और पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कई मुद्दों पर पीएम मोदी को घेरा। पीएम मोदी द्वारा उन पर किए जा रहे निजी हमलों पर भी राहुल गांधी ने खुलकर अपनी बात पत्रकारों के सामने रखी। राहुल गांधी ने कहा कि हमने लोगों के बीच जाकर मेनिफेस्टो बनाया। लोगों से राय जानी और तब हमने घोषणा पत्र तैयार किया। वहीं बीजेपी ने हमारे घोषणापत्र की नकल की है। हम कर्नाटक में अपनी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हैं, क्योंकि हमारे पास विकास का विजन है।

BJP रेड्डी ब्रदर्स को बचा रही है
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कर्नाटक के लोगों के मुद्दों पर बात नहीं करते, बल्कि लोगों को भटका रहे हैं। वे बुलेट ट्रेन, सी-प्लेन की बात करते हैं। जबकि आम लोगों की समस्याएं शिक्षा, रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, खेती के लिए पानी आदि तमाम मुद्दों पर पीएम मोदी चुप रहते हैं। राहुल गांधी ने रेड्डी ब्रदर्स पर भी हमला बोला और कहा कि उन्होंने यहां की जनता के पैसे को लूटा है और इन लोगों को बीजेपी बचा रही है। रेड्डी ब्रदर्स ने 35000 रुपये कर्नाटक की जनता से चोरी किये हैं। एक तरफ ईमानदार सिद्धारमैया जी हैं और दूसरी तरफ जेल से निकले हुए लोग हैं।

'दलित-महिलाओं पर अत्याचार पर हम बोलते रहेंगे'
दलितों के मुद्दो पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, दलितों के मुद्दे पर पीएम मोदी कुछ भी नहीं बोलते है, अगर वह नहीं उठाएंगे तो हम तो ये मुद्दे उठाएंगे। दलितों को मारा-पीटा जा रहा है, कुचल कर मार दिया जाता है। रोहित वेमुला को मारा जाता है, उना में दलितो को मारा जाता है, उत्तर प्रदेश में दलितों को मारा जाता है, मगर पीएम मोदी के मुंह से एक भी शब्द नहीं निकलता है। जब महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं तो कांग्रेस क्यों नहीं बोलेगी? क्या यह राजनीति की बात नहीं है? महिलाओं के सम्मना से देश का सम्मान जुड़ा है और हम उनके लिए लड़ते रहेंगे।'

राफेल डील पर राहुल का वार
राफेल पर पत्रकार के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि उनकी डील यूपीए से अच्छी हुई, मगर ये किसके लिए उनके मित्रों के लिए, न कि हिंदुस्तान के लिए। हिंदुस्तान के लिए यह डील अच्छी नहीं है। जहां तक पीएम मोदी का सवाल है, यह कर्नाटक का चुनाव है, यह सब ध्यान भटकाने के लिए है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने राफेल के 700 के डील को 1500 में किया और इसका इस्तेमाल अपने फायदे के लिए किया। राफेल डील में नियमों का भी पालन नहीं किया गया।

मां पर किए गए निजी हमले पर भावुक हुए राहुल
पीएम मोदी द्वारा एक रैली के दौरान उनकी मां को लेकर किए गए बयान पर वह भावुक हो गए। राहुल गांधी ने पीएम मोदी की उस टिप्पणी पर भी जवाब दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि राहुल बिना कागज के 15 मिनट तक अपनी सरकार की उपलब्धियां पढ़कर दिखाएं, इसके लिए वह अपनी मां की भाषा(इटेलियन) भी बोल सकते हैं। इस पर जवाब देते हुए राहुल ने कहा, 'मेरी मां इटैलियन हैं, लेकिन उन्होंने जिंदगी का बड़ा हिस्सा भारत में गुजारा है। वो कई भारतीयों से ज्यादा भारतीय हैं। मेरी मां ने देश के लिए बहुत कुछ त्याग किया है और काफी कुछ सहा भी है। अगर पीएम मोदी को मेरे ऊपर ऐसे कमेंट करने से खुशी मिलती है, तो वो करते रहें।'

मोदी जी बिना एजेंडा के चीन गए
पीएम मोदी के चीन दौरे पर राहुल गांधी ने जमकर हमला बोला और कहा कि प्रधानमंत्री तब चीन गये जब चीनी डोकलाम में घुस चुके थे और उन्होंने चीन के राष्ट्रपति से एक शब्द भी नहीं कहा। पीएम मोदी के चीन दौरे से उन्हें उम्मीदें थी, वह बैठक में डोकलाम मुद्दा उठाएंगे। वह बिना एजेंडा के चीन गए। जबकि डोकलाम एक एजेंडा था। पीएम मोदी ने बैठक में डोकलाम का मुद्दा नहीं उठाया। पीएम मोदी विदेश नीति का इस्तेमाल खुद के लिए कर रहे हैं। चीन जाकर पीएम मोदी पूरी तरह से चुप रहे।
ये भी पढ़ें- जिंदगी से लड़ रहे अबु बकर को चाहिये आपकी मदद












Click it and Unblock the Notifications