संगरूर सांसद ने फिर उठाई खालिस्तान की मांग, दिया पाकिस्तान और चीन का हवाला
नई दिल्ली, 14 जुलाई: हाल ही में पंजाब के संगरूर संसदीय सीट पर उपचुनाव हुए थे, जिस पर शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान ने जीत हासिल की। उनका विवादों से पुराना नाता रहा है। अब उन्होंने एक बार फिर से अलग खालिस्तान देश की मांग की है। साथ ही केंद्र सरकार को एक सुझाव दिया, जिसको लेकर पूरे देश में राजनीति गर्मा गई है। वैसे मान पहले भी इस तरह की मांग उठा चुके हैं।

हरियाणा के करनाल में मीडिया से बात करते हुए संगरूर सांसद ने कहा कि सबसे पहले उन्हें (बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार) जवाब देना चाहिए कि वे भारत को बरकरार रख सकते हैं या नहीं। वो अपनी जमीन को पाकिस्तान और चीन को दे रहे हैं, ऐसे ही अगर वे खालिस्तान को मंजूरी देंगे तो ये परमाणु-सक्षम भारत, पाकिस्तान और चीन के लिए एक बफर राज्य बन जाएगा। इसके कारण दक्षिण एशिया में कभी भी परमाणु युद्ध नहीं होगा।
सीएम खट्टर पर भी बोला हमला
वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर हमला बोलते हुए सांसद ने कहा कि जनता को शर्म आनी चाहिए कि उन्होंने बीजेपी को वोट दिया और उसने हरियाण के नेता की बजाए पंजाबी को सीएम बना दिया। आज वो आप पर राज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो गैंगेस्टर हैं वो सब पंजाब से नहीं बल्कि हरियाणा से हैं।
भिंडरावाले को दिया था जीत का श्रेय
सिमरनजीत खुद को भिंडरावाले का शिष्य बताते हैं, जिसको ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान भारतीय सेना ने ढेर किया था। उपचुनाव में जीत के बाद उन्होंने कहा था कि ये भिंडरावाले की शिक्षा की जीत है। दीप सिंह सिद्धू और सिद्धू मूसेवाला की मौत से सिख समुदाय बहुत परेशान है। हमारी इस जीत के बाद अब भारत सरकार उस तरह का व्यवहार नहीं करेगी, जैसा मुसलमानों से किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications