ब्रजभूषण शरण सिंह बोले, मैंने उन्हें पिता की तरह गले लगाया, भड़कीं प्रियंका चतुर्वेदी, बताया घिनौना बयान
जिस तरह से विवादों में घिरे ब्रजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवानों को लेकर बयान दिया है उसे शिवसेना की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने घिनौना बताया है।

उद्धव ठाकरे के खेमे वाली शिवसेना की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ तीखा हमला बोला है। दरअसल ब्रजभूषण शरण सिंह ने कहा था कि उन्होंने महिला पहलवान को सिर्फ पिता की तरह गले लगाया था।
ब्रजभूषण शरण सिंह के इस बयान पर प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि यह बिल्कुल निंदनीय और शर्मनाक है। उन्होंने यहा कि यह कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट करके लिखा, यह बीमारू और घिनौना है। वह एक ताकतवर पद पर हैं और इसका फायदा उठाकर उन्होंने पहलवानों का शोषण किया है जो उनसे मदद के लिए आए थे। आप किसी को उसकी अनुमति के बिना गले नहीं लगा सकते हैं और इसके बाद इसपर सफाई दें कि यह पिता की तरह का आलिंगन था।
भाजपा को शर्म आनी चाहिए जो इस व्यक्ति को लगातार बचा रही है। इससे भी बड़ी शर्मनाक बात यह है कि WCD मंत्री इसपर शर्मनाक चुप्पी साधे हैं।
बता दें कि टीवी कार्यक्रम के दौरान ब्रजभूषण शरण सिंह ने कहा कि ये महिला पहलवान मेरे पास आईं और कहा कि वह अपने पिता से बात करना चाहती हैं, उस समय इनके पास टेलीफोन नहीं था। हमने उनके पिता से उनकी बात कराई और बाद में उन्हें गले लगा लिया।
जब महिला पहलवान असहज हुईं तो हमने कहा कि यह पिता के रूप में मैं आपको गले लगा रहा हूं, अब बताइए कि क्या इसपर फांसी पर लटक जाना चाहिए। ये लोग मुझपर शोषण का आरोप लगा रहे हैं।
बता दें कि पहलवान दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे है और मांग कर रहे हैं कि ब्रजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई हो। एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर महिला पहलवान सुप्रीम कोर्ट भी पहुंची हैं।












Click it and Unblock the Notifications