राफेल पर राहुल ने फिर कसा तंज, कहा-विमान की कीमत एक राष्ट्रीय रहस्य है
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल डील को लेकर लगातार मोदी सरकार पर निशाना साध रहे हैं। शनिवार को राहुल ने तंज करते हुए कहा कि, राफेल विमान की कीमत एक राष्ट्रीय रहस्य है, क्योंकि सरकार सर्वोच्च न्यायालय में इसका खुलासा नहीं करना चाहती है। बता दें राहुल गांधी ने एक खबर को शेयर कर यह ट्वीट किया है जिसके मुताबिक वायुसेना को मिल रहे 36 राफेल विमानों की कीमत पहले की प्रस्तावित कीमत से 40 फीसद अधिक है।

राफेल की कीमत एक राष्ट्रीय रहस्य है
शनिवार को राहुल गांधी ने तंज कसते हुए ट्वीट किया, प्रधानमंत्री को पता है। अनिल अंबानी को पता है। ओलांद और मैक्रों को पता है। अब हर एक पत्रकार को पता चल गया है। रक्षा मंत्रालय के बाबुओं को भी पता है। डसाल्ट में सबको मालूम है। डसाल्ट के सभी प्रतिस्पर्धियों को मालूम है। लेकिन राफेल की कीमत एक राष्ट्रीय रहस्य है, जिसका खुलासा सर्वोच्च न्यायालय में नहीं किया जा सकता है।
नए सौदे में प्रत्येक विमान की कीमत 40 फीसदी अधिक
राहुल गांधी का यह बयान उस मीडिया रिपोर्ट के बाद आया है जिसमें दावा किया गया है कि 2016 में भारत सरकार द्वारा फ्रांस की कंपनी डसाल्ट से 36 राफेल विमान खरीदने को जो सौदा किया गया, उसमें प्रत्येक विमान की कीमत पूर्व में 2012 में डसाल्ट द्वारा 126 मध्यम बहु-भूमिका लड़ाकू विमान (एमएमआरसीए) के सौदे के दौरान पेशकश की गई प्रत्येक विमान की कीमत से 40 फीसदी अधिक है।

नए सौदे से एक विमान की कीमत 21.7 करोड़ यूरो हो गई
इस मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि डसाल्ट को 126 राफेल लड़ाकू विमानों के लिए 19.5 अरब यूरो की निविदा मिली थी। इस हिसाब से भारत सरकार को एक विमान 15.5 करोड़ यूरो में मिल रहा था। लेकिन 2016 में नई सरकार द्वारा फ्रांस की कंपनी के साथ किए गए नए अनुबंध से 36 राफेल विमान का सौदा 7.85 अरब यूरो में हुआ। नए सौदे से एक विमान की कीमत 21.7 करोड़ यूरो हो गई जोकि 2012 की कीमत से 40 फीसदी अधिक है।












Click it and Unblock the Notifications