1983 क्रिकेट विश्व कप टीम के स्टार यशपाल शर्मा का निधन, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
नई दिल्ली, जुलाई 13: पूर्व क्रिकेटर और 1983 क्रिकेट विश्व कप टीम के सदस्य यशपाल शर्मा का आज सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्होंने 66 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। शर्मा ने अपने करियर में इंडिया के लिए 42 वनडे और 37 टेस्ट खेलें। उनके निधन की अचानक खबर सुनकर क्रिकेट प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व क्रिकेटर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
Recommended Video

अपने ट्वीट में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व क्रिकेटर यशपाल शर्मा के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। 1983 क्रिकेट विश्व कप में प्रमुख मैचों के दौरान उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन ने क्रिकेट इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीत में से एक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके परिवार, फैंस और टीम के सदस्यों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए लिखा कि यशपाल शर्मा जी 1983 की महान टीम सहित भारतीय क्रिकेट टीम के बहुत प्रिय सदस्य थे। वह टीम के साथियों, प्रशंसकों के साथ-साथ नए क्रिकेटर्स के लिए एक प्रेरणा थे। उनके निधन से आहत हूं। उनके परिवार और फैंस के प्रति मेरी संवेदना।
गृहमंत्री अमित शाह ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया। शाह ने लिखा कि यशपाल शर्मा जी क्रिकेट के एक उम्दा खिलाड़ी थे, जिन्होंने 1983 क्रिकेट विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम योगदान दिया। उनकी रोमांचक पारियां हमेशा हमारी स्मृति में रहेंगी। उनका निधन क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी क्षति है।
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी ट्वीट करते हुए पूर्व क्रिकेटर यशपाल शर्मा के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि 1983 विश्व कप विजेता सदस्य यशपाल शर्मा के निधन से दुखी हूं। उनका एक शानदार करियर था और 1983 विश्व कप में भारत के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। वह एक अंपायर और राष्ट्रीय चयनकर्ता भी थे। उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकेगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड में सेलेक्टर भी रहे
आपको बता दें कि पूर्व क्रिकेटर यशपाल शर्मा 1983 विश्व कप जीतने वाली टीम के मेंबर थे। वहीं बाद में वो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड में सेलेक्टर भी रहे। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में 37 टेस्ट और 42 वनडे मैच खेले। इसके अलावा 1983 वर्ल्ड कप में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन स्कोर करने वाले दूसरे खिलाड़ी थे। हाल ही में उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर वर्ल्ड कप से जुड़ी एक वीडियो क्लिप शेयर की थी, जिसमें उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ मैच में जबरदस्त जीत दर्ज कराई थी।












Click it and Unblock the Notifications