कश्मीर: पुलिसकर्मी ने अपनी जान देकर बीजेपी नेता को बचाया, एक आतंकी को भी किया ढेर
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों का आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है। जिस वजह से आतंकी बौखलाए हुए हैं। ऐसे में वो अब आम जनता को निशाना बना रहे हैं। मंगलवार को भी गांदरबल में आतंकियों ने भारतीय जनता पार्टी के एक नेता पर हमला किया। इस दौरान उनके बॉडीगार्ड (PSO) शहीद हो गए। आखिरी सांस लेने से पहले उन्होंने एक आतंकी को अकेले ही मार गिराया।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक गांदरबल के नुनार इलाके में आतंकियों ने बीजेपी जिला उपाध्यक्ष गुलाम कादिर राथर के घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दौरान उनके गनर मोहम्मद अल्ताफ सामने आ गए, जिस वजह से उन्हें गोली लग गई। गोली लगने के बाद भी अल्ताफ ने हार नहीं मानी। घायल अवस्था में ही उन्होंने जवाबी कार्रवाई की और एक आतंकी को ढेर कर दिया। हालांकि बाकी आतंकी वहां से फरार होने में कामयाब रहे। आनन-फानन में मोहम्मद अल्ताफ को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी खलील पोसवाल के मुताबिक हमला रात 9 बजे के करीब हुआ था, उस वक्त राथर घर पर ही थे। उनके साथ उनके PSO भी मौजूद थे। घटना के बाद से सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि हमले में कितने आतंकी शामिल थे। एसएसपी के मुताबिक बीजेपी नेता पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उनकी सुरक्षा को और ज्यादा मजबूत कर दिया गया है।
लंबे वक्त से निशाने पर हैं नेता
आपको बता दें कि कश्मीर घाटी में बीजेपी नेता लंबे वक्त से आतंकियों के निशाने पर हैं। पांच अगस्त को कुलगाम में आतंकियों ने बीजेपी सरपंच सज्जाद अहमद को गोली मारी थी। जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद 23 सितंबर को निर्दलीय बीडीसी अध्यक्ष भूपेंदर सिंह को आतंकियों ने मौत के घाट उतार दिया। इन हमलों को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने कई नेताओं को सुरक्षा मुहैया करवाई है।












Click it and Unblock the Notifications