जलियांवाला बाग के नए परिसर का PM मोदी आज करेंगे उद्घाटन, जानें परिसर में क्या-क्या होगा खास
जलियांवाला बाग के नए परिसर का PM मोदी आज करेंगे उद्घाटन, जानें परिसर में क्या-क्या होगा खास
नई दिल्ली, 28 अगस्त: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार (28 अगस्त) को पंजाब के अमृतसर में जलियांवाला बाग स्मारक के पुनर्निर्मित परिसर का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा है कि पीएम मोदी शाम 6:25 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जलियांवाला बाग के नए परिसर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। पीएमओ ने कहा कि पीएम मोदी जलियांवाला बाग के नए परिसर में बने म्यूजियम गैलरी का भी उद्घाटन करेंगे। पीएमओ ने कहा कि इस नरसंहार के 102 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में इस साल 13 अप्रैल को पुनर्निर्मित स्मारक का उद्घाटन किया जाना था, लेकिन कोरोना वायरस संबंधित प्रतिबंधों के कारण इसे स्थगित करना पड़ा था।

पीएमओ ने कहा कि इस खास मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी, केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी, संस्कृति राज्य मंत्री, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री, पंजाब से सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसद जलियांवाला बाग नेशनल मेमोरियल ट्रस्ट के सदस्य समेत अन्य लोग उपस्थित रहेंगे।
जलियांवाला बाग स्मारक के नए परिसर में क्या-क्या होगा खास?
1. जलियांवाला बाग स्मारक के नए परिसर में चार म्यूजियम गैलरी बनाए गए हैं। इन चारों म्यूजियम गैलरी में उस अवधि के दौरान पंजाब में हुई घटनाओं के ऐतिहासिक मूल्य को दिखाया जाएगा। जिसमें ऑडियो-विज़ुअल तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा इसमें प्रोजेक्शन मैपिंग और 3 डी का भी प्रयोग किया गया है।
2. 13 अप्रैल, 1919 को हुई जलियांवाला बाग कांड को दिखाने के लिए एक लाइट एंड साउंड शो को भी तैयार किया गया है। जलियांवाला नरंसहार को याद कर आज भी लोग कांप जाते हैं, जब ब्रिटिश सेना ने प्रदर्शनकारियों की एक बड़ी और शांतिपूर्ण सभा पर गोलीबारी की, जिसमें 1,000 से अधिक लोग मारे गए थे और सैकड़ों घायल हो गए थे।
3. शहीदी कुएं की फिर से मरम्मत की गई है। इसके अलावा उसको नए ढंग से भी डिजाइन किया गया है। वहीं ज्वाला स्मारक की भी मरम्मत की गई है।
4. जलियांवाला परिसर मं स्थित तालाब को एक ''लिली तालाब'' के रूप में फिर से विकसित किया गया है। वहीं रास्तों को और भी चौड़ा बनाया गया है।
5. इसके अलावा जलियांवाला बाग के नए परिसर में कई नई और आधुनिक सुविधाओं को भी जोड़ा गया है।












Click it and Unblock the Notifications