DPIIT के सचिव गुरुप्रसाद महापात्रा के निधन पर PM मोदी ने जताया दुख, कहा- गुजरात और केंद्र में साथ किया काम
नई दिल्ली, जून 19। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिपार्टमेंट फॉर प्रमोशन ऑफ इंडस्ट्री एंड इंटर्नल ट्रेड (DPIIT) के सचिव गुरुप्रसाद महापात्रा के निधन पर दुख प्रकट किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा है, "गुरुप्रसाद महापात्रा के निधन ने काफी दुख पहुंचाया है, मैंने उनके साथ गुजरात और केंद्र में बड़े पैमाने पर काम किया था। उन्हें प्रशासनिक मुद्दों की बहुत अच्छी समझ थी और वो अपने अभिनव उत्साह के लिए जाने जाते थे। उनके परिवार और मित्रों के लिए संवेदनाएं।"

पीयूष गोयल ने दी निधन की जानकारी
आपको बता दें कि गुरुप्रसाद महापात्रा के निधन की जानकारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दी थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि गुरुप्रसाद महापात्र के निधन की खबर सुनकर काफी दुख पहुंचा, उन्होंने लंबे समय तक सरकार में अपनी सेवा दी। अपने कार्यकाल में उन्होंने जो डेडिकेशन दिखाया वो लंबे समय तक रहेगा, डॉ. गुरुप्रसाद महापात्र के परिवार वालों को और उनके दोस्तों को मेरी सहानुभूति।
धर्मेंद्र प्रधान ने भी किया ट्वीट
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी महापात्रा के निधन पर ट्वीट कर दुख जताया है। उन्होंने कहा है कि देश ने एक सक्षम प्रशासक को खो दिया है। उन्होंने गुजरात में शहरी विकास परिदृश्य को सुधारने में अद्वितीय योगदान दिया, कई सार्वजनिक उद्यमों का नेतृत्व किया और वाणिज्य और विमानन क्षेत्र को भी आगे बढ़ाया।"
कौन थे गुरुप्रसाद महापात्रा?
आपको बता दें कि गुरुप्रसाद महापात्रा 1986 बैच के गुजरात कैडर के आईएएस ऑफिसर थे। गुरुप्रसाद महापात्र वाणिज्य मंत्रालय में बतौर ज्वाइंट सेक्रेटरी भी काम कर चुके थे। यहां उन्होंने स्पेशल इकनॉमिक जोन के प्रमोशन के लिए काफी काम किया था। गुरुप्रसाद महापात्रा एयरपोर्ट अथॉरिटी के अध्यक्ष भी रहे थे। उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी को आगे बढ़ने के लिए एक नई दिशा दी थी। 1 अगस्त 2019 को वह उद्योगों के प्रमोशन और इंटरनल ट्रेड विभाग के सेक्रेटरी बने थे।












Click it and Unblock the Notifications