18वीं लोकसभा का पहला सत्र: PM मोदी बोले- दूसरी बार जनता ने किसी सरकार को लगातार तीसरा मौका दिया
Lok Sabha Session: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 18वीं लोकसभा के पहले दिन के सत्र की शुरुआत से कुछ समय पहले मीडिया को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा, "संसदीय लोकतंत्र में, यह एक गौरवशाली दिन है...आजादी के बाद पहली बार, शपथ ग्रहण समारोह हमारे अपने नए संसद भवन में हो रहा है। पहले यह पुराने संसद भवन में होता था। इस अहम दिन पर, मैं सभी नव-निर्वाचित सांसदों का हार्दिक स्वागत करता हूं, उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।''
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''आज से 18वीं लोकसभा शुरू हो रही है। दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव बहुत ही भव्य और गौरवशाली तरीके से संपन्न हुआ... ये चुनाव इसलिए भी बहुत अहम हो गया है क्योंकि आजादी के बाद दूसरी बार देश की जनता ने किसी सरकार को लगातार तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया है।''

ये भी पढ़ें- NEET मामले में ताबड़तोड़ एक्शन मोड में आई मोदी सरकार, अब CBI करेगी जांच
PM मोदी ने 25 जून का क्यों किया जिक्र?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कल 25 जून है। 25 जून को भारत के लोकतंत्र पर लगे उस कलंक के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। भारत की नई पीढ़ी कभी नहीं भूलेगी कि भारत के संविधान को पूरी तरह से नकार दिया गया था, संविधान के हर हिस्से की धज्जियां उड़ा दी गई थीं, देश को जेलखाना बना दिया गया था, लोकतंत्र को पूरी तरह दबा दिया गया था...अपने संविधान की रक्षा करते हुए, भारत के लोकतंत्र की, लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा करते हुए, देशवासी संकल्प लेंगे कि भारत में दोबारा कोई ऐसा करने की हिम्मत न कर सके जो 50 साल पहले किया गया था। हम एक जीवंत लोकतंत्र का संकल्प लेंगे। हम भारत के संविधान के निर्देशों के अनुसार सामान्य मानवी के सपनों को पूरा करने का संकल्प लेंगे।"
ये भी पढ़ें- 18वीं लोकसभा का पहला सत्र आज, विपक्ष ने तैयार की खास रणनीति, क्यों सभी सांसद एक साथ करेंगे सदन में प्रवेश?
पीएम नरेंद्र मोदी ने बीते 10 सालों पर क्या कहा है?
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "बीते 10 सालों में हमने हमेशा एक परंपरा को निभाने की कोशिश की है....क्योंकि हमारा मानना है कि सरकार चलाने के लिए बहुमत की जरूरत होती है लेकिन देश चलाने के लिए सर्वसम्मति सबसे ज्यादा जरूरी है। इसलिए हमारा निरंतर प्रयास रहेगा कि मां भारती की सेवा की जाए और 140 करोड़ लोगों की आकांक्षाओं और महत्वाकांक्षाओं को सबकी सहमति से और सबको साथ लेकर पूरा किया जाए। हम संविधान की पवित्रता को बनाए रखते हुए, सबको साथ लेकर आगे बढ़ना चाहते हैं और फैसले लेने की गति बढ़ाना चाहते हैं।"
यह आम चुनावों के बाद 18वीं लोकसभा का पहला सत्र है, जिसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 293 सीटें हासिल कीं और इंडिया ब्लॉक ने 234 सीटें जीतीं, जिनमें से 99 कांग्रेस के पास थीं। इस बीच आज संसद में सीपीपी कार्यालय में सुबह 10 बजे नवनिर्वाचित कांग्रेस सांसदों की बैठक बुलाई गई है।
प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब को लेकर हो रहा है विवाद
18वीं लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किए गए भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ दिल्ली स्थित अपने आवास से संसद भवन के लिए रवाना हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज भर्तृहरि महताब को लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर के तौर पर शपथ दिलाएंगी। इसके बाद महताब लोकसभा के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदन के सदस्य के तौर पर शपथ लेने के लिए आमंत्रित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications