पीएम मोदी ने की कोरोना वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत, पढ़ें उनके संबोधन की बड़ी बातें
पीएम मोदी ने की कोरोना वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की, पढ़ें उनके संबोधन की बड़ी बातें
PM Narendra Modi Speech today on Coronavirus Vaccination Drive: देशभर में आज (16 जनवरी) से कोरोना वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से देशभर में आज 3006 केंद्रों पर टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत की है। 3006 वैक्सीन केंद्रों पर तीन लाख हेल्थकेयर वर्करों को आज टीका लगेगा। ये विश्व का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान है। पीएम मोदी टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही देशवासियों को संबोधित करते हुए उन्हे बधाई दी है। पीएम मोदी ने कहा है, आज वो वैज्ञानिक, वैक्सीन रिसर्च से जुड़े अनेकों लोग विशेष प्रशंसा के हकदार हैं, जो बीते कई महीनों से कोरोना के खिलाफ वैक्सीन बनाने में लगे हुए थे। आमतौर पर एक वैक्सीन बनाने में बरसों लग जाते हैं। लेकिन इतने कम समय में एक नहीं, दो मेड इन इंडिया वैक्सीन तैयार हुई हैं।

इसके साथ ही पीएम मोदी ने Co-Win सॉफ्टवेयर ऐप को भी लॉन्च किया है। टीके लगवाने वाले का पूरा डेटा Co-Win सॉफ्टवेयर में अपलोड होगा और उन्हे डिजिटल सर्टिफिकेट भी मिलेगा।
पीएम मोदी ने कहा, आज के दिन का पूरे देश को बेसब्री से इंतजार रहा है, कितने महीनों से देश के हर घर में बच्चे, बूढ़े, जवान सबकी जुबान पर ये ही सवाल था कि कोरोना की वैक्सीन कब आएगी। मैं भारत में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू होने के लिए सभी देशवासियों को इसके लिए बधाई देता हूं।
पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें...
- पीएम मोदी ने कोरोना वैक्सीन डोज के बारे में कहा, मैं ये बात फिर याद दिलाना चाहता हूं कि कोरोना वैक्सीन की 2 डोज लगनी बहुत जरूरी है। पहली और दूसरी डोज के बीच, लगभग एक महीने का अंतराल भी रखा जाएगा। दूसरी डोज लगने के 2 हफ्ते बाद ही आपके शरीर में कोरोना के विरुद्ध जरूरी शक्ति विकसित हो पाएगी।
- पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, इतिहास में इस प्रकार का और इतने बड़े स्तर का टीकाकरण अभियान पहले कभी नहीं चलाया गया है। दुनिया के 100 से भी ज्यादा ऐसे देश हैं जिनकी जनसंख्या 3 करोड़ से कम है और भारत वैक्सीनेशन के अपने पहले चरण में ही 3 करोड़ लोगों का टीकाकरण कर रहा है। कोरोना से हमारी लड़ाई आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की रही है।
-पीएम मोदी ने कहा, दूसरे चरण में हमें इसको 30 करोड़ की संख्या तक ले जाना है। जो बुजुर्ग हैं, जो गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं, उन्हें इस चरण में टीका लगेगा। आप कल्पना कर सकते हैं, 30 करोड़ की आबादी से ऊपर के दुनिया के सिर्फ तीन ही देश हैं- खुद भारत, चीन और अमेरिका।
-पीएम मोदी ने कहा, भारत ने सही समय पर सही फैसले लिए। 30 जनवरी को भारत में कोरोना का पहला मामला मिला, लेकिन इसके दो सप्ताह से भी पहले भारत एक हाई लेवल कमेटी बना चुका था। पिछले साल आज का ही दिन था जब हमने बाकायदा सर्विलांस शुरु कर दिया था।
- पीएम मोदी ने कहा, 17 जनवरी, 2020 वो तारीख थी, जब भारत ने अपनी पहली एडवायजरी जारी कर दी थी। भारत दुनिया के उन पहले देशों में से था जिसने अपने एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी थी।
-पीएम मोदी ने कहा, ऐसे समय में जब कुछ देशों ने अपने नागरिकों को चीन में बढ़ते कोरोना के बीच छोड़ दिया था, तब भारत, चीन में फंसे हर भारतीय को वापस लेकर आया और सिर्फ भारत के ही नहीं, हम कई दूसरे देशों के नागरिकों को भी वहां से वापस निकालकर लाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications