प्लास्टिक बीनने वाले का बेटा एम्स में सलेक्ट, पीएम मोदी ने मन की बात में की तारीफ
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 46वें संस्करण में मध्य प्रदेश के देवास जिले के आसाराम और गुजरात की जीएसईबी एसएससी एग्जाम टॉपर आफरीं शेख का नाम लिया। 'मन की बात' करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आसाराम बेहद गरीब परिवार से हैं। उन्होंने ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) की प्रवेश परीक्षा पहले ही प्रयास में पास कर ली। पीएम मोदी ने कहा, 'मैं उनकी सफलता पर उन्हें बधाई देता हूं।

आसाराम को पीएम मोदी से पहले मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी बधाई दे चुके हैं। आसाराम के पिता ने कचरे में से प्लास्टिक बीन-बीन कर बच्चों को पाला और आज उनके बेटे ने यह मुकाम हासिल किया है। देवास से 40 किमी दूर एक जगह है- विजयागंज मंडी। यहीं के रहने वाले हैं रंजीत चौधरी और ममता बाई के पुत्र आसाराम। रंजीत चौधरी ने प्लास्टिक बीनकर एक झोपड़ी में जीवन यापन किया। इसी झोपड़ी में रहकर सीमित संसाधनों के साथ आसाराम ने पढ़ाई की। आसाराम की पढ़ाई गांव के ही सरकारी स्कूल में हुई है। आसाराम की इस प्रेरणादायी सफलता पर उनके पिता फूले नहीं समा रहे हैं। उनका कहना है कि मेरे लिए यह सब सपने के सच होने जैसा है।
दूसरी ओर आफरीं शेख ने पीएम मोदी के कार्यक्रम में अपना नाम लिए जाने पर कहा, 'मैं बहुत खुश हूं कि पीएम मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में आज मेरा नाम लिया। यह मेरे लिए बड़ा अवसर है, आज मेरी मेहनत रंग लाई।' आफरीं ने कहा कि विजेता कभी हारते नहीं और हारने वाले कभी जीतते नहीं। आफरीं ने जीएसईबी एसएससी एग्जाम में टॉप किया है।












Click it and Unblock the Notifications