Gallup International Survey: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने दुनिया के तीसरे सबसे लोकप्रिय नेता
Recommended Video

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी केवल भारत के ही लोकप्रिय नेता नहीं हैं बल्कि वो दुनिया के तीसरे सबसे लोकप्रिय नेता हैं, ये कहना हमारा नहीं बल्कि गैलप सर्वे का है। आपको बता दें कि हाल ही में सर्वे एजेंसी गैलप इंटरनेशनल ने 50 देशों में एक सर्वे किया है, जिसमें ये बात निकलकर सामने आई है। इस सर्वे में टॉप पोजिशन पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मकरॉन हैं, जिन्हें कि प्लस 21 अंक मिले हैं, जबकि दूसरा स्थान इस सर्वे में जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल को हासिल हुआ है, उन्हें इस सर्वे में प्लस 20 अंक मिले हैं।

सर्वे में तीसरा स्थान पीएम मोदी का
इस सर्वे में तीसरा स्थान पीएम मोदी का है, जिन्हें प्लस 8 अंक मिले हैं, चौथे नंबर पर ब्रिटिश पीएम थेरेसा हैं , जिन्हें प्लस 7 नंबर मिले हैं और पांचवे नंबर पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 6 स्कोर के साथ हैं।

डोनाल्ड ट्रंप को मिला 11वां स्थान
सर्वे में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को छठे, सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुल्लाजीज साउ को सातवें और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को आठवें स्थान पर रखा गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 11वें नंबर पर रखा गया है।

दर्जनों देशों के 53,769 लोगों की राय पर नतीजा
आपको बता दें कि इस सर्वे में 50 देशों के कुल 53 हजार 769 लोगों ने अपना मत दिया है, इन लोगों से इंटरव्यू के जरिए उनके पंसदीदा नेताओं के बारे में पूछा गया। इस सर्वे में लोगों से उनकी पसंद का कारण भी पूछा गया।

दुनिया के तीसरे सबसे लोकप्रिय नेता
30 प्रतिशत लोगों ने पीएम मोदी के बारे में सकारात्मक टिप्पणी की तो 22 प्रतिशत लोगों ने पीएम मोदी के बारे में अपनी नापसंद जाहिर की, जिसकी वजह से ही पीएम मोदी गैलप सर्वे में दुनिया के तीसरे सबसे लोकप्रिय नेता बने।

दावोस शिखर सम्मेलन
मालूम हो कि पीएम मोदी दावोस सम्मलेन में हिस्सा लेने जा रहे हैं, ये सम्मेलन 22 जनवरी को स्विटजरलैंड में है, जिसमें हिस्सा लेने के लिए पीएम 22 जनवरी को स्विटजरलैंड के लिए रवाना होंगे। 1997 के बाद ऐसा पहली बार होगा जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री दावोस शिखर सम्मेलन का हिस्सा बनने जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications