शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे बोले-पीएम मोदी अब करें 'गन की बात'
जम्मू कश्मीर की कृष्णा घाटी में भारतीय सैनिकों के सिर काटे की वीभत्स हरकत के बाद पाकिस्तान को सबक सिखाने की मांग जोर पकड़ रही है।
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर की कृष्णा घाटी में भारतीय सैनिकों के सिर काटे जाने की वीभत्स हरकत के बाद पाकिस्तान को सबक सिखाने की मांग जोर पकड़ रही है। पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बाद अब एनडीए की सहयोगी पार्टी शिवसेना ने सरकार से पाकिस्तान पर पलटवार की मांग की है। शिवसेना के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब पाकिस्तान से 'गन की बात' करनी चाहिए। वहीं पूर्व रक्षा मंत्री एके. एंटनी ने सेना को खुली छूट देने की मांग की है। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने भी वैश्विक समुदाय से अपील करते हुए कहा कि आतंकवाद पर एकजुट होकर कार्रवाई को अब और टाला नहीं जा सकता है।

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि कश्मीर में हमारे जवानों पर हमले किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी मन की बात करते हैं, अब 'गन की बात' का वक्त आ गया है।
पाकिस्तान से लगने वाली नियंत्रण रेखा की सुरक्षा के बारे में सवाल उठाते हुए पूर्व रक्षामंत्री ने कहा था कि इस घटना ने भारतीय सेना की प्रतिष्ठा, सम्मान एवं मनोबल को प्रभावित किया है।
उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करना चाहते, पर उनके आठ साल तक रक्षा मंत्री रहने के दौरान शव को क्षत विक्षत करने की महज एक घटना हुई थी। पर पिछले तीन साल में ऐसी तीन घटनाएं हो चुकी हैं।
जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में पाकिस्तानी सेना का एक दल नियंत्रण रेखा को पार कर भारतीय क्षेत्र में 250 मीटर तक भीतर घुस आया और उसने सेना के नायब सूबेदार परमजीत सिंह और बीएसएफ के हेड कॉन्स्टेबल प्रेम सागर की हत्या कर उनका शव क्षत विक्षत कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications