Global Buddhist Summit में बोले पीएम मोदी, 'आधुनिक समस्याओं का समाधान पहले ही दे गए बुद्ध'
विश्व बौद्ध शिखर सम्मेलन में पीएम नरेंद्र मोदी उद्घाटन सत्र में पहुंचे, जहां उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि दुनिया की हर समस्या का समाधान भगवान बुद्ध पहले ही दे गए।

विश्व बौद्ध शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में पहुंचे नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। दो दिवसीय समिट का आयोजन दिल्ली के अशोक होटल में किया जा रहा है। इस सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने संबोधित करते हुए कहा कि समस्या के समाधान की यात्रा ही, बुद्ध की यात्रा है। भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं बुद्ध दिया है।
पीएम मोदी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अमृतकाल में भारत के पास अपने भविष्य के लिए विशाल लक्ष्य भी हैं और वैश्विक कल्याण के नए संकल्प भी हैं। भारत ने आज अनेक विषयों पर विश्व में नई पहल की हैं और इसमें हमारी बहुत बड़ी प्रेरणा भगवान बुद्ध हैं।
भारत ने 'युद्ध' नहीं 'बुद्ध' दिया है: पीएम मोदी
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने यूक्रेन के हालातों पर कहा कि महात्मा बुद्ध सदियो पहले ही आधुनिक युग की समस्याओं का समाधान देकर चले गए हैं। भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं बुद्ध दिया है, जहां बुद्ध हैं वहां अशांति नहीं हो सकती है। दुनिया में शांति मिशन हो या तुर्की में भूकंप जैसे हालात, भारत ने अपने पूरे सामर्थ्य के साथ मानवता का साथ दिया है।
आगे बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमें विश्व को सुखी बनाना है तो स्व से निकलकर संसार, संकुचित सोच को त्यागकर, समग्रता की ओर चलना होगा, ये बुद्ध मंत्र ही एकमात्र रास्ता है। आज ये समय की मांग है कि प्रत्येक व्यक्ति, हर राष्ट्र अपनी ये प्राथमिकता लेकर चले कि वो अपने देश के हित के साथ ही विश्व हित में भी अपना योगदान देगा।
बता दें कि इस दो दिवसीय वैश्विक बौद्ध शिखर सम्मेलन में लगभग 30 देशों के लगभग 171 प्रतिनिधि और भारतीय बौद्ध संगठनों के 150 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। जो इस सम्मेलन में प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इस सम्मेलन में बुद्ध धम्म, पर्यावरणीय संकट, नालंदा बौद्ध परंपरा का संरक्षण , बुद्ध धम्म तीर्थयात्रा, स्वास्थ्य और स्थिरता जैसे आदि विषयों पर चर्चा की जाएगी।
ये भी पढ़ें: Karnataka: तेजस्वी सूर्या का नाम बीजेपी के स्टार प्रचारकों में नहीं, कांग्रेस ने बताया 'नफरती चिंटू'












Click it and Unblock the Notifications