पीएम मोदी ने की मनमोहन सिंह के जल्द ठीक होने की कामना, हाल जानने एम्स पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. मनमोहन सिंह को सांस संबंधी दिक्कतों के साथ दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया पूर्व पीएम का हाल जानने एम्स पहुंचे। वहीं, वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर मनमोहन सिंह के जल्द ठीक होने की कामना की है। पीएम मोदी ने लिखा, 'मैं डॉ. मनमोहन सिंह से अच्छे स्वास्थ और उनके जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।' पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को बुधवार शाम दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
Recommended Video

बता दें कि 89 वर्षीय डॉ. मनमोहन सिंह को सांस लेने में दिक्कत और चेस्ट कंजेशन की दिक्कतों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एम्स में न्यूरो के डॉक्टर अचल श्रीवास्तव और दिल के डॉक्टर नीतीश नायक उनका इलाज कर रहे हैं। मनमोहन सिंह को शुगर की भी बीमारी है, इस वर्ष 19 अप्रैल को वह कोरोना संक्रमित भी हो गए थे। कोविड पॉजिटिव होने के बाद उन्हें एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, उसके बाद 29 अप्रैल को पूर्व पीएम को छुट्टी दे दी गई थी।
यह भी पढ़ें: PM मोदी ने शेयर की फ्लाइट के अंदर फाइलें निपटाते फोटो, कांग्रेस ने मनमोहन सिंह की तस्वीर शेयर कर किया पलटवार
एम्स की ओर से देर रात जारी बयान में कहा गया है कि, बुखार की जांच के लिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की हालत स्थिर है। डॉक्टरों का एक दल उनकी निगरानी कर रहा है। मनमोहन सिंह की तबियत के बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस के नेता प्रणव सिंह ने बताया है कि मनमोहन सिंह जी के स्वास्थ्य के संबंध में अफवाहों पर गौर ना करें, उनकी हालत स्थिर है, उन्हें बस रूटीन चेकअप के लिए भर्ती कराया गया है। हम आवश्यकतानुसार किसी भी अपडेट को साझा करेंगे। हम मीडिया में अपने दोस्तों को उनकी चिंता के लिए धन्यवाद देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications