तेलंगाना: 'मैं हूं मोदी का परिवार...' लालू यादव के बयान पर पीएम मोदी ने किया पलटवार
Modi hits out India alliance, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज तेलंगाना के अदिलाबाद में जनसभा को संबोधित किया। इस रैली में पीएम मोदी ने इंडिया गठबंधन की कल पटना में हुई महारैली को लेकर पलटवार किया है। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को लेकर विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक पर निशाना साधा।
लालू यादव के बयान पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मेरे परिवार को लेकर मुझ पर निशाना साधा गया। लेकिन, अब पूरा देश बोल रहा है कि मैं हूं मोदी का परिवार। देश के 140 करोड़ लोग उनका परिवार हैं और उनका जीवन एक खुली किताब है।

आदिलाबाद में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और तुष्टिकरण में डूबे इंडिया गठबंधन के नेता घबरा रहे हैं। जब मैं उनके 'परिवारवाद' पर सवाल उठाता हूं तो वे कहने लगे हैं कि मोदी का कोई परिवार नहीं है।
मोदी ने कहा कि, मेरा जीवन खुली किताब है। एक सपना लेकर बचपन में घर छोड़ा था कि मैं देशवासियों के लिए जीउंगा। मेरा पल-पल सिर्फ आपके लिए होगा। मेरा कोई निजी सपना नहीं होगा। आपका सपना ही मेरा संकल्प होगा। आपके सपनों को पूरा करने के लिए जिंदगी खपा दूंगा। देश के कोटी-कोटी लोग मुझे अपना मानते हैं। अपने परिवार के सदस्य की तरह मानते हैं। 140 करोड़ देशवासी यही मेरा परिवार है।'
मोदी ने आगे कहा कि, ये नौजवान यही मेरा परिवार हैं। देश की करोड़ों बेंटियां माताए बहनें यही मोदी का परिवार हैं। देश का हर गरीब मेरा परिवार है, बच्चे बुजुर्ग मोदी का परिवार हैं। जिसका कोई नहीं है, वो भी मोदी के हैं और मोदी उनका है। मैं मोदी परिवार हूं। आपके लिए जी रहा हूं और जूझता रहूंगा। देशवासी मुझे बहुत अच्छे से जानते-समझते हैं, मेरे हर पल का हिसाब रखते हैं। कभी-कभी जब मैं देर रात तक काम करता हूं और खबर आ जाती है, तो देश भर से लाखों लोग मुझे पत्र लिखकर कहते हैं कि इतना काम मत करो, कुछ आराम करो लो।
पीएम मोदी के इस बयान के बाद कई बीजेपी नेताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (ट्विटर) पर अपने नाम के साथ पीएम मोदी का परिवार लिख दिया है। बीजेपी के सभी वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर अपने नाम के आगे 'मोदी का परिवार' जोड़ लिया है।
बता दें कि, पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रविवार को आयोजित 'जनविश्वास महारैली' के दौरान राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पीएम मोदी को लेकर कहा था कि, अगर नरेंद्र मोदी के पास अपना परिवार नहीं है तो हम क्या कर सकते हैं। वह राम मंदिर के बारे में डींगें हांकते रहते हैं। वह एक सच्चे हिंदू भी नहीं हैं। हिंदू परंपरा में एक बेटे को अपने माता-पिता के निधन पर अपना सिर और दाढ़ी मुंडवानी चाहिए। मोदी ने तब ऐसा नहीं किया जब उनकी मां की मृत्यु हो गई।












Click it and Unblock the Notifications