प्रधानमंत्री ने उठाई झाडू, शुरु हुआ स्वच्छ भारत अभियान
नई दिल्ली। गांधी जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी महत्वकांक्षी योजना 'स्वच्छ भारत अभियान' की शुरुआत कर दी है। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री ने स्वयं झाड़ू उठाकर की। अभियान की औपचारिक शुरुआत प्रधानमंत्री ने इंडिया गेट पर झाडू लगाकर की। प्रधानमंत्री के साथ अभिनेता आमिर खान भी मंच पर मौजूद रहे।

मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत के लिए दिल्ली के वाल्मीकि कॉलोनी को चुना, जहां महात्मा गांधी अप्रैल 1946 से सितंबर 1947 तक रहे थें। उन्होंने अपनी पार्टी के सदस्यों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक मिनट तक झाड़ू लगायी। उन्होंने यहां वाल्मीकि मंदिर में भी कुछ मिनट बिताए।
स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत करने से पहले प्रधानमंत्री नगर निगम के सफाई कर्मियों से भी मुखातिब हुए। इसके बाद उन्होंने गंदगी को झाड़ू से कूड़े के तसले में उठाकर कूड़ेदान में डाला।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी की सांसद मीनाक्षी लेखी तथा पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय भी मोदी के साथ वाल्मीकि कॉलोनी में मौजूद थे।
मोदी ने ट्विटर पर लिखा, "मैं महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर नमन करता हूं।" उन्होंने कहा कि "गांधीजी के विचार एवं विश्वास आज भी हमारे लिए प्रेरणा के महान स्रोत हैं। चलिए हम सभी गांधीजी के सपनों के भारत का निर्माण करने के लिए स्वयं को समर्पित करें।"
मोदी ने कहा कि 2019 तक स्वच्छ भारत का निर्माण महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर उन्हें श्रेष्ठ श्रद्धांजलि होगी।
सचिन, सलमान सहित कई लोगों से की मुहिम में शामिल होने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सचिन तेंदुलकर और सलमान खान से भी इस देशव्यापी अभियान में शामिल होने की अपील की। इसके अलावा गोवा की गर्वनर मृदुला सिन्हा, प्रियंका चोपड़ा, कांग्रेस नेता शशि थरुर, अनिल अंबानी, कमल हासन, बाबा रामदेव और तारक मेहता का उल्टा चश्मा सीरियल की पूरी टीम को अभियान में शामिल होने का प्रधानमंत्री न्योता दिया। उन्होंने कहा कि ये नौ लोग अपने नौ और दोस्तों को इस मुहिम में शामिल होने के लिए निमंत्रित करें। इस तरह इस अभियान की एक चेन बनेगी जो देश को स्वच्छ बनाने के लिए काफी मददगार साबित होगी।












Click it and Unblock the Notifications