PM Modi ने कांग्रेस को वोट चोरी पर दिखाया आईना, 'मिलेनियल्स के बाद अब GEN-Z भी सिखाएगी सबक'
PM Modi On Vote Chori: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर करारा पलटवार किया है। नेटवर्क 18 मीडिया ग्रुप के कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वोट चोरी नहीं हो रहे हैं, बल्कि देश की जनता अब कांग्रेस को वोट देने लायक ही नहीं मानती है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के अलावा कई राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी वोट चोरी के आरोप लगाते रहे हैं। पीएम ने इस पर करारा पलटवार किया है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस के वोटों में गिरावट का लंबा दौर रहा है। उन्होंने कहा, 'इसकी शुरुआत 1984 के बाद से हुई। 1984 में कांग्रेस को लगभग 99 प्रतिशत वोट और 400 से अधिक सीटें मिली थीं। इसके बाद हुए चुनावों में कांग्रेस का वोट शेयर लगातार गिरता गया। आज हालत यह है कि देश में केवल चार राज्यों में ही कांग्रेस के 50 से अधिक विधायक हैं।'

PM Modi On Vote Chori: जेन-जी के लिए पीएम ने कही बड़ी बात
राहुल गांधी अक्सर ही अपने भाषणों में जेन-जी से अपील करते रहे हैं। अब पीएम मोदी ने उनके ही नाम पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा, 'पहले मिलेनियल्स ने कांग्रेस को सबक सिखाया और अब जेन-जी भी तैयार है। जब हम 2047 तक विकसित भारत की बात करते हैं, तो कुछ लोग पूछते हैं कि इतनी दूर की बात क्यों कर रहे हैं? कुछ तो यह भी कहते हैं कि तब तक मोदी जीवित नहीं रहेंगे।'
पीएम ने कहा कि सच्चाई यह है कि राष्ट्र निर्माण कभी अल्पकालिक सोच से नहीं होता। यह बड़े विजन, धैर्य और समय पर लिए गए फैसलों से होता है। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए दीर्घकालिक योजना और स्पष्ट और दूरदृष्टि सोच जरूरी है।
PM Modi ने निवेश बढ़ाने और आत्मनिर्भर भारत पर दिया जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत बनाने के लिए स्वदेशी निर्माण और आयात पर निर्भरता कम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, 'भारत हर साल विदेशी जहाजों के माध्यम से ढुलाई (फ्रेट) पर 6 लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च करता है। उर्वरक (फर्टिलाइजर) आयात पर सालाना करीब 2.25 लाख करोड़ रुपये खर्च होते हैं। पेट्रोलियम आयात पर हर साल लगभग 11 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं। इसका मतलब है कि हर वर्ष लाखों करोड़ रुपये देश से बाहर जा रहे हैं।' पीएम ने आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि अगर 20-25 साल पहले आत्मनिर्भरता की दिशा में यह निवेश किया गया होता, तो आज यही पूंजी भारत के बुनियादी ढांचे, अनुसंधान, उद्योग, किसानों और युवाओं को मजबूती दे रही होती।
'हमारी सरकार आत्मनिर्भर भारत बनाने पर कर रही काम'
पीएम ने कहा कि आज हमारी सरकार इसी सोच के साथ काम कर रही है। विदेशी जहाजों को 6 लाख करोड़ रुपये देने से बचने के लिए भारत अपनी शिपिंग और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रहा है। घरेलू उर्वरक उत्पादन बढ़ाने के लिए नए संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। नैनो यूरिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। पेट्रोलियम पर निर्भरता कम करने के लिए एथेनॉल ब्लेंडिंग, ग्रीन हाइड्रोजन मिशन, सौर ऊर्जा और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को प्राथमिकता दी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications