PM Modi's security Case: 'फिरोजपुर SSP हरदीप भान ने नहीं निभाई ड्यूटी', जांच समिति ने SC में कहा
नई दिल्ली,25 अगस्त। पंजाब में पीएम मोदी के सुरक्षा काफिले में हुई चूक पर सुप्रीम कोर्ट ने आज सुनवाई करते हुए राज्य के पुलिस अधिकारियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। पूर्व जस्टिस इंदु मल्होत्रा की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने कोर्ट में कहा कि 'तत्कालीन जिला वरिष्ठ अधीक्षक (एसएसपी)हरदीप भान, पर्याप्त समय और बल उपलब्ध होने के बावजूद अपने कर्तव्य का निर्वहन करने में विफल रहे, उन्हें दो घंटे पहले ही पीएम के कार्यक्रम के बारे में बताया गया था लेकिन वो इसके बावजूद पर्याप्त इंतजाम नहीं कर पाए।'

आपको बता दें कि CJI एन वी रमन की बेंच ने 12 जनवरी 2022 को पूर्व न्यायाधीश जस्टिस इंदु मल्होत्रा की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया था।,जो कि 5 जनवरी 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब यात्रा के दौरान हुई सुरक्षा की चूक मामले की जांच कर रही थी। गौरतलब है कि 5 जनवरी को फिरोजपुर में प्रदर्शनकारियों द्वारा नाकेबंदी के कारण पीएम का काफिला फ्लाईओवर पर फंस गया था। पीएम मोदी का काफिला जहां फंसा था वो स्थान बहुत संवेदनशील था और वहां से पाकिस्तान काफी पास था।

शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि न्यायमूर्ति इंदु मल्होत्रा समिति द्वारा पेश की गई रिपोर्ट केंद्र और पंजाब दोनों सरकारों को भेजी जाएगी साथ ही उसने इस मामले को बंद करने की भी घोषणा की है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कसा तंज
आपको बता दें कि बुधवार को जब प्रधानमंत्री पंजाब में 300 बिस्तरों वाले होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन करने आए थे, तब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फिरोजपुर की घटना को याद करते हुए इसे 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया था और कांग्रेस पार्टी पर तंज कसा था क्योंकि तब राज्य में कांग्रेस की सरकार थी।

सीएम मान ने कहा था कि "दुर्भाग्य से, यह कहते हुए दुख हो रहा है कि जब आप 5 जनवरी को यहां आए, तो आपका कार्यक्रम रद्द करना पड़ा था लेकिन पंजाब आज आपका स्वागत कर रहा है। आप देश के प्रधानमंत्री हैं और आपका स्वागत करना हमारी जिम्मेदारी है।"
मालूम हो कि पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने के लिए प्रधानमंत्री 5 जनवरी को फिरोजपुर जाने वाले थे लेकिन जिस दिन मोदी पंजाब के बठिंडा पहुंचे थे उस दिन मौसम खराब होने के कारण वो हेलीकॉप्टर से हुसैनीवाला नहीं पहुंच सकते थे इसलिए उन्होंने सड़कमार्ग से वहां जाने का फैसला किया था। जिसकी जानकारी गृहमंत्रालय ने पंजाब पुलिस को दे दी थी लेकिन इसके बावजूद स्मारक से करीब 30 किमी पहले, पीएम मोदी का काफिला एक फ्लाईओवर पर फंस गया था क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने सड़क को अवरुद्ध कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications