'जिन्हें संविधान पर विश्वास नहीं, SC का लगा करारा तमाचा', VVPAT को लेकर याचिकाएं खारिज होने पर पीएम मोदी
वीवीपैट से डाले जाने वाले हर वोट के सत्यापन की मांग करने वाली याचिकाओं को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। ऐसे में बीजेपी ने आईएनडीआईए में शामिल कांग्रेस समेत अन्य दलों को निशाने पर लिया है। बिहार के अररिया जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक में ओबीसी कोटे से मुस्म पर एससी, एसटी और ओबीसी के अधिकारों को छीनने का आरोप लगाया। वहीं उन्होंने वीवीपैट से डाले जाने जाने वाले वोटों को सत्यापन की मांग करने वाली याचिकाएं रद्द होने पर भी विपक्ष को निशाने पर लिया। पीएम ने कहा कि भारत की चुनावी प्रक्रिया को कमजोर करने का प्रयास किया गया था, जो अदालत के फैसले से विफल हो गया। विपक्ष को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

पीएम मोदी ने शुक्रवार को बिहार के अररिया में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कर्नाटक में ओबीसी कोटे से मुस्लिम वर्ग को आरक्षण देने के मुद्दे पर पीएम ने कांग्रेस को जमकर घेरा। उन्होंने मंच से कहा, "कांग्रेस ने एससी, एसटी और ओबीसी के अधिकारों को छीनने की गहरी साजिश रची है और मैं यह बात पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने बहुत स्पष्ट रूप से कहा है कि भारत में धर्म-आधारित आरक्षण नहीं हो सकता है, लेकिन कांग्रेस देश में धर्म-आधारित आरक्षण लागू करने की पूरी कोशिश कर रही है।"
पीएम मोदी ने आगे कहा, "कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग को धोखा दिया है और सभी मुसलमानों को शामिल किया है कर्नाटक के ओबीसी सूची में, उनकी वित्तीय स्थिति के बावजूद, ओबीसी के लिए 27% आरक्षण का एक बड़ा हिस्सा अब मुसलमानों के पास चला गया है। कांग्रेस बिहार और देश के अन्य हिस्सों में भी ऐसा ही करना चाहती है।"
पीएम मोदी ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा ईवीएम वोटों के वीवीपैट के वोटों की सत्यापन की मांग करने वाली याचिका खारिज होने पर विपक्ष को निशाने पर लिया और कहा कि ऐसी याचिकाओं के जरिए भारत की चुनावी प्रक्रिया को कमजोर करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) के साथ ईवीएम का उपयोग करके डाले गए वोटों के क्रॉस-सत्यापन की मांग करने वाली याचिकाओं को सुप्रीम कोर्ट में खारिज होना विपक्ष के लिए एक करारा "तमाचा" है।












Click it and Unblock the Notifications