सिर्फ विदेशी मीडिया को तवज्जो देने वाले मोदी ने दूर की शिकायत
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में अक्सर यह सुनने को मिलता है कि वह सिर्फ विदेशी मीडिया को ही तरजीह देते हैं। लेकिन शनिवार को मोदी ने दिवाली के मौके पर भारतीय पत्रकारों से मिलकर उनकी इस शिकायत को भी दूर कर दिया।

मोदी ने भाजपा के अशोका रोड स्थित हेड आफिस में पत्रकार बिरादरी से मुलाकात की।
मोदी ने मीडिया को दी दिवाली की बधाई
सबसे बड़ी बात यह रही कि इस बैठक में मात्र बड़े संपादक ही नहीं थे। बैठक में भाजपा को कवर करने वाले तमाम पत्रकार मौजूद थे। मोदी पत्रकारों को दिवाली की बधाई दे रहे थे और ले रहे थे।
मोदी से मुलाकात करने के लिए पत्रकारों को कल भाजपा दफ्तर की तरफ से सूचित किया गया था। मोदी बेहद आनंद के मूड में थे। वे उन पत्रकारों से कुछ लम्हों तक बात भी कर रहे थे,जिन्हें वे लंबे समय से जानते हैं। वे राजधानी में लंबे समय तक रहे हैं गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से पहले।
मीडिया के लिए नाश्ते का इंतजाम
मोदी दिन में करीब 12 .10 बजे भाजपा के हेड आफिस पहुंचे। इससे पहले ही सारे रास्तों को बंद कर दिया जो इस तरफ जा रहे थे। बैठक के बाद पत्रकारों के लिए चायपान की भी व्यवस्था की गई थी।
नाश्ते के दौरान मीडिया के लिए सिर्फ शाकाहारी खाने को ही इंतजाम किया गया था। सूत्रों का कहना है कि पत्रकारों से मुलाकात के बाद वे भाजपा के नेताओं के साथ पार्टी से जुड़े मसलों पर बात करने लगे। बैठक में भाजपा के बहुत से शिखर नेता मौजूद हैं।
तो बदल रहा है मीडिया के लिए मोदी का रुख
आपको बता दें कि पिछले हफ्ते हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा के नतीजों के समय भी बीजेपी के इसी हेडक्वार्टर पर मीडिया के लिए खास इंतजाम किए गए थे ताकि उन्हें कवरेज में कोई दिक्कत न आए।
मोदी ने न सिर्फ मीडिया से मुलाकात बल्कि जिस तरह से मीडिया उनके स्वच्छता मिशन को कवरेज दे रहा है, उसकी भी खुलकर तारीफ की। मोदी ने कहा कि उन्होंने मीडिया से काफी कुछ सीखा और उन्हें उम्मीद है कि सरकार और मीडिया मिलकर देश को बदलने की ताकत रखते हैं।
गुजरात दंगों के बाद अक्सर मीडिया से बचने वाले मोदी प्रधानमंत्री बनने के बाद अब मीडिया के लिए अपने रुख को नरम करने की कोशिशों में लगे हैं। शनिवार को मीडिया के साथ मुलाकात इस ओर एक इशारा नजर आया।












Click it and Unblock the Notifications