मणिपुर की धरती से PM Modi का ऐतिहासिक संदेश, इन 10 बिंदु में पढ़ें पीएम ने क्या कहा?
PM Modi in Manipur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने तीन दिवसीय पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत दौरे के तहत मणिपुर पहुंचे। यह उनकी 2023 के जातीय हिंसा के बाद राज्य की पहली यात्रा रही, जिसके चलते दौरे को लेकर पूरे देश और राज्य की जनता की नजरें टिकी हुई थीं। इंफाल हवाईअड्डे पर उनका स्वागत राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल ने किया।
मोदी इस यात्रा के दौरान ₹71,000 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, "आज मैं वादा करता हूं कि मैं आपके साथ हूं, भारत सरकार आपके साथ है।"

प्रधानमंत्री ने मणिपुर के लोगों से हिंसा छोड़कर शांति के मार्ग पर आगे बढ़ने की अपील की और जनजातीय समुदायों के लिए ₹3,000 करोड़ के विशेष पैकेज की घोषणा की। आइए, जानते हैं पीएम मोदी के भाषण और घोषणाओं से जुड़ी 10 बड़ी बातें।
PM Modi in Manipur: पीएम मोदी की यात्रा इन 10 प्वाइंट में समझें:
पहली बार हिंसा के बाद दौरा - मई 2023 में मणिपुर में मेइती और कुकी समुदायों के बीच हिंसा में 260 से अधिक लोगों की मौत और 60,000 से ज्यादा लोगों के विस्थापन के बाद यह पीएम मोदी की पहली यात्रा है।
₹8,500 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास - इंफाल में प्रधानमंत्री ने सड़कों, ड्रेनेज, आईटी प्रोजेक्ट और राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी योजनाओं की आधारशिला रखी। इसमें ₹3,647 करोड़ सड़कों व ड्रेनेज पर, ₹1,280 करोड़ एनएच-102A और ₹1,119 करोड़ एनएच-202 पर खर्च होंगे।
महिला सशक्तिकरण पर फोकस - पीएम मोदी ने 'इमा मार्केट्स' का उद्घाटन किया, जो पूरी तरह से महिलाओं द्वारा संचालित अनोखा बाजार है। उन्होंने इसे महिला शक्ति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।
इंफाल और चुराचांदपुर में जनसभा - मोदी ने इंफाल के कांगला किले और चुराचांदपुर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि "हिल और वैली के लोगों के बीच मजबूत पुल बनाना बेहद जरूरी है ताकि स्थायी शांति और विकास सुनिश्चित हो सके।"
शांति का संदेश - उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की हिंसा मणिपुर के भविष्य के साथ अन्याय है। मोदी ने वादा किया, "आज मैं आपसे कहता हूं कि मैं आपके साथ हूं, भारत सरकार आपके साथ है और मणिपुर की जनता एकजुट है।"
विस्थापितों से मुलाकात - प्रधानमंत्री ने आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों (IDPs) से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
₹3,000 करोड़ का विशेष पैकेज - चुराचांदपुर में मोदी ने जनजातीय समुदायों के लिए ₹3,000 करोड़ का विशेष पैकेज और विस्थापितों की मदद के लिए ₹500 करोड़ की अतिरिक्त राशि की घोषणा की।
उत्तर-पूर्व का समय - पीएम ने कहा कि "21वीं सदी उत्तर-पूर्व की सदी है"। उन्होंने बताया कि 2014 से पहले मणिपुर की विकास दर एक प्रतिशत से भी कम थी, लेकिन अब यह लगातार बढ़ रही है।
भारतीय सेना और मणिपुर का योगदान - मोदी ने हाल ही में हुए "ऑपरेशन सिंदूर" में मणिपुरी जवानों की भूमिका को याद किया और शहीद दीपक चिंगखम को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और खेल मणिपुर के योगदान के बिना अधूरे हैं।
नेपाल को संदेश - इंफाल से मोदी ने नेपाल को भी बधाई दी। उन्होंने कहा, "नेपाल भारत का करीबी मित्र है। मैं श्रीमती सुशीला को नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देता हूं। उनका नेतृत्व नेपाल में शांति और स्थिरता लाएगा।" साथ ही उन्होंने नेपाल के युवाओं के सड़क सफाई अभियान की भी सराहना की।
पीएम मोदी का संदेश
मोदी ने कहा कि मणिपुर भारत की आज़ादी के संघर्ष में एक गौरवशाली भूमि रही है, जहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने आज़ाद हिंद फौज का झंडा फहराया था। उन्होंने कहा कि "मणिपुर के बिना भारत की आज़ादी का इतिहास अधूरा है और मणिपुरी संस्कृति के बिना भारतीय संस्कृति भी अधूरी है।"
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में शांति और विकास को मणिपुर की सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया और जनता से हिंसा से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब "उम्मीद और विश्वास की नई सुबह" मणिपुर में दस्तक दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications