'भ्रष्ट लोग कितना भी बड़ा गठबंधन कर लें, भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी', PM मोदी का विपक्ष पर निशाना
दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा उनकी भ्रष्टाचारियों के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक बार फिर सभी विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि 'भ्रष्ट लोग' कितना भी बड़ा गठबंधन बना लें, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी। पीएम मोदी ने एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए विरोधियों पर जमकर निशाना साधा।
प्रधानमंत्री ने बुधवार को दिल्ली के ताज पैलेस होटल में एक इवेंट को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपने ही अंदाज में कहा कि सरकारी खरीद देश में भ्रष्टाचार का एक बड़ा स्रोत है। अब GeM पोर्टल ने इसे बदल दिया है। फेसलेस टैक्ससेशन और जीएसटी ने भ्रष्ट प्रथाओं पर रोक लगा दी है।
'कितना भी बड़ा गठजोड़ कर लें...'
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि,"जब इस तरह की ईमानदारी का बोलबाला होता है तो भ्रष्टाचारियों को बेचैनी होना स्वाभाविक है और वे ईमानदार व्यवस्था को नष्ट करने की योजना बनाते हैं। यह शायद सफल होता अगर यह अकेले मोदी के खिलाफ होते, लेकिन वो जानते हैं कि वे आम जनता का सामना कर रहे हैं। ये भ्रष्ट लोग कितना भी बड़ा गठजोड़ कर लें, भ्रष्टाचार पर हमला जारी रहेगा।"
वहीं सरकार के कामकाज की बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पीएम आवास योजना के तहत लोगों को सौंपे गए घरों की संख्या पिछले 4 वर्षों में 1.5 करोड़ से बढ़कर 3.75 करोड़ से अधिक हो गई है।
मुद्रा योजना और आवास योजना का मिला फायदा
सूक्ष्म और लघु उद्यमियों को वित्तीय सहायता प्रदान करने वाली मुद्रा योजना के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना को 8 साल पूरे हो चुके हैं। पीएम मोदी ने कहा कि मुद्रा योजना के तहत 40 करोड़ से अधिक ऋण वितरित किए गए, जिसमें 70 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं थीं।
इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी), बिजली, पानी और शौचालय जैसी सरकारी योजनाओं ने गरीबों को सुरक्षा और सम्मान की भावना दी। इन योजनाओं से जमीनी स्तर पर बड़े बदलाव सामने आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications