'युवाओं को बचाना होगा', कैबिनेट बैठक में नशे की समस्या पर अचानक क्यों भावुक हुए PM मोदी? इनसाइड स्टोरी
नई दिल्ली के भारत मंडपम में बुधवार (18 नवंबर) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की एक अहम बैठक हुई। फिलीपींस के मनीला में आयोजित आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेकर लौटने के बाद पीएम मोदी ने सुबह साढ़े दस बजे यह बैठक बुलाई। करीब साढ़े तीन घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में कई गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई। लेकिन इस दौरान सबसे भावुक पल तब आया जब देश में तेजी से फैल रहे नशे के जाल पर बात छिड़ी।
सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिपरिषद की बैठक में जब देश के युवाओं पर नशे के बढ़ते प्रभाव का जिक्र आया, तो पीएम मोदी भावुक हो गए। उनका गला रुंध गया और उन्होंने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि देश की युवा पीढ़ी को हर हाल में नशे के चंगुल से बचाना होगा।

नक्सलवाद के खिलाफ देश को मिली बड़ी सफलता का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह हमने मिलकर नक्सलवाद की समस्या को खत्म किया है, उसी दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ नशे के कारोबार को भी जड़ से उखाड़ फेंकना होगा। साथ ही उन्होंने मंत्रियों और अधिकारियों को यह भी चेतावनी दी कि नक्सलवाद को दोबारा सिर उठाने का मौका नहीं मिलना चाहिए।
गरीबी से बाहर आए 50 करोड़ लोग, अब बचत पर जोर
बैठक में गरीबी उन्मूलन और देश की आर्थिक स्थिति पर भी विस्तार से मंथन किया गया। विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बैठक में बताया गया कि सरकारी योजनाओं के दम पर देश में 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सरकार के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि उनका हर कदम गरीबों को समर्पित रहा है। हालांकि अब सबसे बड़ी चुनौती यह सुनिश्चित करना है कि गरीबी से बाहर निकले लोग दोबारा इस दुष्चक्र में न फंसें। इसके लिए उन्होंने देशवासियों में 'बचत करने की आदत' को बढ़ावा देने की वकालत की। पीएम ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पैसे जोड़ना और बचत करना हमेशा से अहम हिस्सा रहा है, जिसे और मजबूत करने की जरूरत है।
कैबिनेट बैठक में रखे गए तीन बड़े प्रेजेंटेशन
मंत्रिपरिषद की इस बैठक में सरकार के कामकाज और भविष्य की नीतियों को लेकर तीन विस्तृत प्रेजेंटेशन दिए गए हैं।
- गरीबी उन्मूलन प्रेजेंटेशन: वित्त, ग्रामीण विकास, पंचायती राज और मत्स्य पालन समेत 11 मंत्रालयों के सचिवों ने मिलकर यह रिपोर्ट पेश की। इसमें बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल योजना, उज्ज्वला योजना, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) और डिजिटल बैंकिंग ने गरीबी घटाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।
- नक्सल मुक्त भारत: देश को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करने की दिशा में अब तक उठाए गए कदमों की समीक्षा की गई और भविष्य का एक्शन प्लान तैयार किया गया।
- वित्तीय सशक्तीकरण: प्रधानमंत्री जनधन योजना और आम नागरिकों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने के अभियानों पर खास चर्चा हुई।
बैठक में सितंबर में हुई 'चिंतन बैठक' के लक्ष्यों का भी मूल्यांकन किया गया। साफ है कि सरकार का पूरा फोकस युवाओं को सुरक्षित भविष्य देने, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत रखने और गरीबों की आर्थिक स्थिति को स्थायी रूप से सुधारने पर है।




Click it and Unblock the Notifications
