PM-Kisan Mandhan Yojana: क्या है किसान मानधन स्कीम? हर महीने मिलेगी 3 हजार की मदद, जानिए कैसे मिलेगा फायदा
PM Kisan Mandhan Yojana: देश के करोड़ों छोटे किसानों की सबसे बड़ी चिंता होती है बुढ़ापे में आमदनी का सहारा। खेती के सहारे पूरा जीवन बिताने वाले कई किसान बुढ़ापे में आर्थिक रूप से निर्भर हो जाते हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना एक बड़ी राहत बनकर सामने आती है।
यह योजना किसानों को 60 साल के बाद हर महीने पेंशन देकर उनके भविष्य को सुरक्षित करती है। खास बात यह है कि इसमें बहुत ही कम योगदान के साथ किसान इस योजना का लाभ उठा सकते हैं और बुढ़ापे में आत्मनिर्भर रह सकते हैं। जानिए कैसे करें आवेदन, क्या है पात्रता और किन्हें मिलेगा योजना का लाभ...

किसानों के लिए सरकार की पेंशन स्कीम
केंद्र सरकार देश के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कई योजनाएं चला रही है। इनमें पीएम किसान सम्मान निधि, क्रेडिट कार्ड योजना और फसल बीमा योजना जैसी स्कीमें शामिल हैं। इन्हीं में से एक खास योजना है प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना (PM Kisan Mandhan Yojana), जो किसानों को बुढ़ापे में हर महीने ₹3,000 की पेंशन देने का वादा करती है।
ये भी पढ़ें: PM-KISAN Yojana: क्या है पीएम सम्मान निधि, कब हुई इसकी शुरुआत? जानिए कैसे आते हैं खाते में 6 हजार रुपये
बुढ़ापे में सालाना ₹36,000 की मदद
इस योजना की शुरुआत खास तौर पर उन किसानों के लिए की गई है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जिनके पास बुढ़ापे के लिए कोई पक्का सहारा नहीं है। अगर कोई किसान इस स्कीम में निवेश करता है, तो 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद उसे हर महीने ₹3,000 यानी सालाना ₹36,000 की पेंशन मिलेगी। यह राशि सीधे किसान के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
18 से 40 साल की उम्र वाले ले सकते हैं लाभ
इस योजना में आवेदन करने के लिए किसान की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। किसान को अपनी उम्र के अनुसार हर महीने एक तय राशि योजना में जमा करनी होती है।
उदाहरण के लिए, अगर कोई किसान 18 साल की उम्र में योजना से जुड़ता है, तो उसे हर महीने ₹55 जमा करने होंगे। यह योगदान तब तक करना होगा जब तक किसान की उम्र 60 साल न हो जाए।
छोटे और सीमांत किसानों के लिए है योजना
प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना का लाभ सिर्फ लघु और सीमांत किसानों को ही मिलेगा। यानी जिनके पास 2 हेक्टेयर या उससे कम कृषि योग्य भूमि है। अगर किसी किसान के पास 2 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन है, तो वह इस योजना के लिए पात्र नहीं होगा।
किन्हें नहीं मिलेगा योजना का लाभ?
कुछ लोग इस योजना का लाभ नहीं ले सकते, जैसे:
- जो सरकारी नौकरी में हैं
- जो इनकम टैक्स भरते हैं
- जिनके पास 2 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन है
आवेदन करने के लिए जरूरी दस्तावेज
अगर आप इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं तो आपको नीचे दिए दस्तावेजों की जरूरत होगी:
- आधार कार्ड
- पहचान पत्र
- आयु प्रमाण पत्र
- बैंक पासबुक
- खेत की खसरा खतौनी
- मोबाइल नंबर
ऐसे करें आवेदन
- नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाएं।
- जरूरी दस्तावेज साथ ले जाएं।
- CSC ऑपरेटर आपके दस्तावेजों की जांच करके ऑनलाइन आवेदन करेगा।
- सफल पंजीकरण के बाद आपको एक पेंशन कार्ड मिल जाएगा।
सरकार और किसान दोनों मिलकर करेंगे योगदान
इस योजना में जितनी राशि किसान हर महीने जमा करता है, उतनी ही राशि केंद्र सरकार भी जोड़ती है। यानी यह एक साझा योगदान वाली योजना है, जिससे बुढ़ापे में किसानों को नियमित आय मिलती रहे। अगर आप एक छोटे किसान हैं और बुढ़ापे को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाना चाहते हैं, तो पीएम किसान मानधन योजना आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है।
ये भी पढ़ें: बिहार की महिला को ₹2500 हर महीने देने का वादा: राहुल गांधी ने किया 'माई बहिन मान योजना' का ऐलान, क्या है ये?












Click it and Unblock the Notifications