फसल खराब होने पर भूलकर भी न करें ये गलती! 72 घंटे के अंदर करें आवेदन, वरना रुक सकता है मुआवजा
PM Fasal Bima Yojana: मौसम के बदलते मिजाज और इसकी अनिश्चितता किसानों के लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है। कभी तेज बारिश, कभी सूखा तो कभी ओलावृष्टि कुछ ही घंटों में महीनों की मेहनत पर पानी फेर देती है। ऐसे समय में किसानों को आर्थिक राहत देने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) अहम भूमिका निभाती है। अब इस योजना को पहले से ज्यादा तेज और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने नई डिजिटल तकनीकों को शामिल किया है।
सैटेलाइट, ड्रोन और आधुनिक सर्वे सिस्टम की मदद से फसल नुकसान का आकलन तेजी से किया जा रहा है। इससे क्लेम की प्रक्रिया आसान हुई है और किसानों को मुआवजे का इंतजार भी कम करना पड़ रहा है। अगर आपकी फसल प्राकृतिक आपदा से खराब हुई है, तो कुछ जरूरी नियमों का पालन करके आप आसानी से बीमा क्लेम का लाभ उठा सकते हैं।

फसल खराब होने पर 72 घंटे के भीतर दें जानकारी
फसल को नुकसान पहुंचने के बाद सबसे जरूरी काम समय पर सूचना देना है। नियमों के अनुसार, किसी भी प्राकृतिक आपदा या मौसम की वजह से फसल खराब होने पर किसान को 72 घंटे यानी तीन दिन के भीतर बीमा कंपनी या कृषि विभाग को इसकी जानकारी देनी होती है। इसके लिए किसान फसल बीमा ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा टोल-फ्री नंबर पर कॉल, नजदीकी कृषि अधिकारी, बैंक शाखा या जन सेवा केंद्र के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। समय पर दी गई सूचना से क्लेम की प्रक्रिया बिना रुकावट आगे बढ़ती है।
ये भी पढ़ें: PM Kisan की 24वीं किस्त के लिए e-KYC, लैंड सीडिंग और आधार लिंकिंग बेहद जरूरी, कैसे चेक करें स्टेटस?
अब सैटेलाइट और ड्रोन से होगी जांच
पहले फसल नुकसान का आकलन करने के लिए किसानों को सर्वे टीम का इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब सरकार ने यस-टेक (YES-TECH) और विंड्स (WINDS) जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग शुरू किया है।
इन तकनीकों के तहत सैटेलाइट इमेज, रिमोट सेंसिंग और ड्रोन की मदद से प्रभावित खेतों की निगरानी की जाती है। इससे यह पता लगाना आसान हो जाता है कि किस इलाके में कितनी फसल खराब हुई है। नई तकनीक से सर्वे रिपोर्ट अधिक सटीक बनती है और गड़बड़ी की संभावना भी कम हो जाती है।
क्लेम के लिए कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?
बीमा क्लेम का पैसा समय पर पाने के लिए किसानों के पास सभी जरूरी दस्तावेज तैयार होने चाहिए। आवेदन के समय फसल बीमा पॉलिसी नंबर या ऑनलाइन आवेदन संख्या जरूरी होती है। इसके अलावा
- आधार कार्ड,
- जमीन से जुड़े खसरा-खतौनी के दस्तावेज,
- बैंक पासबुक की कॉपी, जिसमें बैंक खाता संख्या और IFSC कोड साफ दिखाई दे,
- बुआई का प्रमाण पत्र जरूरी है
किसान को अपनी खराब हुई फसल की साफ तस्वीरें भी ऐप या आवेदन के साथ अपलोड करनी होती हैं ताकि जांच जल्दी पूरी हो सके।
मुआवजे का पैसा सीधे खाते में आएगा
फसल नुकसान की जांच पूरी होने के बाद बीमा कंपनी क्लेम की राशि तय करती है। इसके बाद मुआवजे की रकम सीधे किसान के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी जाती है। यदि फसल को बड़ा नुकसान हुआ है या पूरी फसल नष्ट हो गई है, तो बीमा राशि के अनुसार मुआवजा दिया जाता है। डिजिटल ट्रैकिंग और आधुनिक सर्वे सिस्टम की वजह से अब किसानों को पहले की तरह कई महीनों तक इंतजार नहीं करना पड़ता। जांच पूरी होने के बाद कुछ ही हफ्तों में क्लेम की राशि सीधे बैंक खाते में पहुंच सकती है।
ये भी पढ़ें: क्या आपने भी किया था पीएम आवास योजना में आवेदन? सितंबर से शुरू होने जा रहा है फ्लैट्स का आवंटन


Click it and Unblock the Notifications
