सुरक्षा में कटौती के बाद अब दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायुक्त के घर के बाहर बनेगा सार्वजनिक शौचालय, भड़के अधिकारी
British High Commission: ब्रिटिश हाईकमीशन की सुरक्षा घटाने के बाद अब ब्रिटिश उच्चायुक्त आवास के पास सार्वजनिक शौचालय बनाने की योजना तैयार की गई है।

British High Commission in Delhi: खालिस्तानी समर्थकों का हाल ही में लंदन के भारतीय उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन करते हुए हमला और तोड़फोड़ की गई थी। इतना ही नहीं वहां से राष्ट्रीय ध्वज भी खींच लिया गया था। इसके बाद भारत ने भी जैसे को तैसा वाली रणनीति अपनाते हुए नई दिल्ली स्थित ब्रिटिश हाईकमीशन के आसपास की सिक्योरिटी कम करते हुए पुलिस बैरिकेड्स हटाने का फैसला लिया। वहीं अब ब्रिटिश उच्चायोग के पास पब्लिक टॉयलेट बनाने की योजना बनाई जा रही है।
दोनों देशों के बीच बढ़ रही कड़वाहट
ब्रिटेन की राजधानी लंदन में खालिस्तान समर्थकों के प्रदर्शन और तिरंगे के साथ हुए सलूक के बाद भारत-ब्रिटेन के संबंधों में कड़वाहट देखने को मिल रही है। अब दिल्ली में नागरिक प्राधिकरण ब्रिटिश उच्चायोग के पास एक सार्वजनिक शौचालय बनाने की योजना बना रहा है। सार्वजनिक शौचालय बनाने के लिए ब्रिटिश उच्चायुक्त के आवास के पास जगह को चुना गया है, जो कथित तौर पर ब्रिटेन को को रास नहीं आ रही है।
यूके सरकार ने जताई आपत्ति
इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटेन सुरक्षा के आधार पर इस कदम का विरोध कर रहा है। यूके सरकार ने इस निर्माण पर आपत्ति जताई है और सुरक्षा का हवाला दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली के मीना बाग में राजाजी मार्ग पर ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस के आवास के बगल में एक पब्लिक टॉयलेट की जरूरत महसूस की गई है। पब्लिक टॉयलेट बनाने की खबर ऐसे वक्त में आई है, जब दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग और उच्चायुक्त के आवास की सुरक्षा घटाई गई थी।
लंदन में हुआ था प्रदर्शन
गौरतलब है कि 19 मार्च को ब्रिटेन की राजधानी लंदन में खालिस्तान समर्थकों ने प्रदर्शन करते हुए भारतीय उच्चायोग की बालकनी पर चढ़कर राष्ट्रीय ध्वज को नीचे खींच लिया था, जिसके बाद फिर से इंडियन हाई-कमीशन की इमारत पर बुधवार को पहले की तुलना में बड़ा तिरंगा फहराया गया। इस घटना का भारत ने सख्त विरोध जताया था।












Click it and Unblock the Notifications