ओडिशा के ढेंकनाल में एयरक्रॉफ्ट क्रैश, कैप्टन, ट्रेनी पायलट की मौत
नई दिल्ली। ओडिशा के ढेंकनाल जिले में सोमवार को एक ट्रेनर एयरक्राफ्ट हादसे का शिकार हो गया। हादसे में कैप्टन और ट्रेनी पायलट की मौत हो गई। एयरक्राफ्ट ने बिरसाला में स्थित सरकारी विमानन प्रशिक्षण संस्थान (जीएटीआई) से ट्रेनिंग के लिए उड़ान भरी थी, कुछ ही देर बाद एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले कैप्टन संजीब कुमार झा बिहार के और ट्रेनी पायलट अनीस फातिमा तमिलनाडु की रहने वाली थीं। दोनों शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, सरकारी विमानन प्रशिक्षण संस्थान से सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एयरक्राफ्ट ने उड़ान भरी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एयरक्राफ्ट का ग्राउंड स्टेशन से कनेक्शन टूट गया और कंकड़भाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में बिरसाला हवाई पट्टी पर वह हादसे का शिकार हो गया। हादसे में बुरी तरह जख्मी दोनों पायलटों को कामख्यानगर अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। फिलहाल घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा तकनीती खराबी के कारण हुआ या फिर और कोई परेशानी आई।












Click it and Unblock the Notifications