ट्रेनों में अब रात के वक्त नहीं चार्ज कर सकेंगे फोन और लैपटॉप, आज से लागू होगा ये नया नियम
नई दिल्ली: यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय रेलवे लगातार अपने नियमों में बदलाव कर रहा है। कुछ दिनों पहले दिल्ली-देहरादून शताब्दी में आग लग गई थी, हालांकि वक्त रहते रेलवे कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड ने उस पर काबू पा लिया। जिस वजह से किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा। इस घटना से सबक लेते हुए भारतीय रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है, जिसके तहत आज से रात में यात्री अपना फोन और लैपटॉप नहीं चार्ज कर सकेंगे।
Recommended Video

कितने बजे से होगा बंद?
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर के मुताबिक रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों में चार्जिंग प्वाइंट को बंद रखा जाएगा। ये फैसला पूरी तरह से यात्रियों के हक में है। उन्होंने बताया कि रात में लैपटॉप और मोबाइल फोन चार्जिंग में लगाने से ओवरहीटिंग हो जाती है। इससे आग लगने का खतरा ज्यादा रहता है। पिछले कुछ दिनों में ओवरहीटिंग की वजह से लंबी दूरी की ट्रेनों में आग लगने की कई घटनाएं हुई हैं। जिस पर विचार विमर्श के बाद ये फैसला लिया गया।

कर्मचारियों को दी जा रही ट्रेनिंग
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन के अंदर और स्टेशन पर काम करने वाले सभी कर्मचारियों को इस बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्हें लोगों को जागरुक करने के लिए कहा जा रहा है। दक्षिण रेलवे के सभी डिवीजनों में रात में चार्जिंग प्वाइंट स्विच ऑफ करने की प्रक्रिया को दोहराया गया। रेलवे के मुताबिक इस फैसले से लाखों यात्री प्रभावित होंगे, लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से ये काफी जरूरी था।

धूम्रपान पर भी सख्ती
मार्च में दिल्ली देहरादून शताब्दी में आग लगने के बाद रेलवे ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। घटना की जांच में ये बात सामने आई थी कि जहां आग लगी थी वहां की डस्टबिन में सिगरेट के कुछ अवशेष मिले थे। इसी को आग का कारण माना जा रहा था। घटना के बाद रेल मंत्री ने कहा था कि चलती ट्रेन में धूम्रपान करना यात्रियों की जान से खिलवाड़ करना है। रेलवे एक्ट की धारा 167 के तहत ये जुर्म है, जिस पर अभी केवल 100 रुपये का जुर्माना है, लेकिन अब सरकार इस राशि को बढ़ाने पर विचार कर रही। वहीं इस नियम को तोड़ने पर जेल की सजा का भी प्रावधान किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications