MA इतिहास के छात्रों से इस विश्वविद्यालय में जाति पर पूछा गया ऐसा सवाल, मच गया बवाल
चेन्नई,15 जुलाई: तमिलनाडु के पेरियार विश्वविद्यालय में एमए इतिहास के प्रथम वर्ष के छात्रों से परीक्षा में एक ऐसा सवाल पूछा गया है, जो कि बड़े विवाद की वजह बन गया है। यह परीक्षा गुरुवार को आयोजित की गई थी और सवाल जाति को लेकर पूछे गए थे। छात्रों को चार विकल्प दिए गए थे और सवाल पूछा गया था कि इनमें से कौन सी 'निचली जाति' तमिलनाडु की है। विवाद शुरू होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन इससे अपना पल्ला झाड़ने की कोशिशों में जुट गया है और जांच की बात कह रहा है। लेकिन, वह सवाल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

पेरियार यूनिवर्सिटी में 'निचली जाति' पर पूछा सवाल
गुरुवार को तमिलनाडु के सलेम स्थित पेरियार विश्वविद्यालय में इतिहास प्रथम वर्ष की परीक्षा आयोजित की गई थी। छात्र 'फ्रीडम मूवमेंट ऑफ तमिलनाडु: फ्रॉम 1800 से 1947' विषय पर पेपर देने के लिए आए थे। लेकिन, प्रश्न पत्र में एक जाति आधारित सवाल पूछा गया। प्रश्न इस तरह से था- 'इनमें से कौन सी एक निचली जाति तमिलनाडु की है?' इसमें अलग-अलग जातियों के 4 विकल्प दिए गए थे, जिनमें से छात्रों को एक विकल्प चुनना था। परीक्षा फर्स्ट ईयर के दूसरे सेमेस्टर की हो रही थी।
हम इसकी जांच करेंगे- वाइस चांसलर
विवाद शुरू होने के बाद पेरियार विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर, आर जगन्नाथन ने सफाई देते हुए कहा, 'परीक्षाओं के लिए प्रश्न पत्र पेरियार यूनिवर्सिटी द्वारा नहीं तैयार किए जाते हैं। दूसरे यूनिवर्सिटी और कॉलेज के लेक्चररों ने प्रश्न पत्र तैयार किया था। आमतौर पर प्रश्न पत्र लीक होने से बचने के लिए हम परीक्षा से पहले पेपर्स नहीं पढ़ते हैं। हम इसकी जांच करेंगे और दोबारा परीक्षा लेने पर विचार करेंगे।' इससे पहले उन्होंने कहा था कि हम एक्जामिनेशन कंट्रोलर से रिपोर्ट मंगवा रहे हैं। उन्होंने फिर से परीक्षा लेने की संभावना भी खारिज की थी।
उधर अंग्रेजी वेब पोर्टल दि हिंदू ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि प्रोफेसरों को पता था कि हिस्ट्री डिपार्टमेंट के लिए कोई भी स्क्रूटनी कमिटी नहीं है और प्रश्न पत्र सीथे प्रिंट के लिए जाएंगे। बहरहाल, पेरियार विश्वविद्यालय में इतिहास के छात्रों से पूछा गया यह सवाल सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और विश्वविद्यालय विवादों के घेरे में आकर सफाई देने को मजबूर हो रहा है। (तस्वीर-सांकेतिक)












Click it and Unblock the Notifications