पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के दोषी पर जेल में हमला
वेल्लोर (तमिलनाडु)। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या का दोषी करार दिए गए एजी पेरारीवलन पर जेल में हमला हुआ है। पेरारीवलन को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है।

पेरारीवलन पर जेल में ही कैदी ने किया हमला
एजी पेरारीवलन उर्फ अरीवु पर वेल्लोर की सेंट्रल जेल में हमला हुआ है। बताया जा रहा कि जेल में ही उम्र कैद की सजा काट रहे एक कैदी ने ही हमला किया।
जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पेरारीवलन (44) पर जेल में ही हमला किया गया। राजेश खन्ना नाम के शख्स ने उस पर हमला किया। राजेश खन्ना अपहरण और हत्या के मामले में दोषी करार दिया गया है। उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई है।
अधिकारी ने बताया कि राजेश ने लोहे के टुकड़े से पेरारीवलन पर हमला किया। उसे ये लोहे की रॉड रेत के ढेर से मिली। पेरारीवलन पर राजेश ने सुबह करीब 6.15 बजे हमला किया।
हमलावर कैदी ने लोहे की रॉड से किया हमला
जेल से जुड़े अधिकारी ने बताया हमले के बाद पेरारीवलन को चोट आई है। उसके सिर पर चोट गंभीर है। पेरारीवलन का इलाज जेल में ही मौजूद अस्पताल में किया जा रहा है।
जेल से जुड़े अधिकारी ने आगे कहा कि फिलहाल हमलावर शख्स से पूछताछ की जा रही है। जिससे पता चले कि आखिर उसने पेरारीवलन पर हमला क्यों किया?
अधिकारी ने बताया कि हमने मामले की जांच के भी आदेश दिए हैं। उनके मुताबिक आखिर दो अलग-अलग ब्लॉक में रहने वाले कैदियों के बीच विवाद कैसे हो गया और हमला कैसे किया गया।
जेल प्रशासन मामले की जांच में जुटा
जेल से जुड़े अधिकारी के मुताबिक दोनों ही कैदियों को हाई सुरक्षा में रखा गया है। पेरारीवलन को सबसे ज्यादा सुरक्षा वाले ब्लॉक-1 में और हमला करने वाले राजेश को ब्लॉक-2 में रखा गया है।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है आखिर राजेश ने पेरारीवलन पर हमला क्यों किया। बता दें कि पेरारीवलन को राजीव गांधी की हत्या का दोषी करार दिया गया है। उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई है।












Click it and Unblock the Notifications