Winter Session Day 2: SIR पर हंगामे के साथ संसद में डॉग लाने पर बवाल, राज्यसभा से लौटाया गया अहम बिल
Parliament Winter Session Day 2: संसद का शीतकालीन सत्र उम्मीद के मुताबिक काफी हंगामेदार रहा है। लगातार दूसरे दिन जमकर शोर-शराबा और हंगामा होता रहा। विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यसभा से मणिपुर जीएसटी बिल लौटाया गया। विपक्ष के साथ गतिरोध खत्म करने के लिए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सभी दलों के प्रतिनिधियों को बैठक के लिए बुलाया। हालांकि, इसके बावजूद लोकसभा में कामकाज नहीं हो सका। विंटर सेशन के दूसरे दिन कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी का पालतू कुत्ता भी चर्चा में रहा।
शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बाधित होती रही। आखिरकार 3 बार सदन स्थगित करने के बाद बुधवार तक के लिए इसे स्थगित ही करना पड़ा। राज्यसभा में भी विपक्ष के वॉकआउट के बाद जीरो ऑवर और स्पेशल मेंशन की कार्यवाही चली।

Parliament Winter Session Day 2: हंगामे की वजह से कार्यवाही बाधित
- लोकसभा में विपक्षी सांसद कार्यवाही शुरू होते ही नारेबाजी करने लगे और स्पीकर के बार-बार आग्रह करने के बाद भी सीट पर नहीं लौटे।
- इसके बाद सदन की कार्यवाही 12 बजे तक और फिर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। आखिरकार जब गतिरोध खत्म नहीं हुआ, तो पूरे दिन के लिए ही कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
यह भी पढ़ें: Winter Session: राज्यसभा में खड़गे बनाम रिजिजू! BJP ने कांग्रेस चीफ को क्यों दे दी 'डॉक्टर’ वाली नसीहत
- राज्यसभा में भी विपक्षी दलों का हंगामा और फिर वॉकआउट जारी रहा। इसके बाद सदन में मणिपुर जीएसटी बिल पेश किया गया। मणिपुर जीएसटी (दूसरा संशोधन) विधेयक लौटाए जाने के बाद स्पेशल मेंशन की कार्यवाही चली।
- स्पेशल मेंशन के बाद सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।
Sanchar Saathi App पर विपक्षी सांसदों ने किया हंगामा
संचार साथी ऐप पर विपक्षी सांसदों ने हंगामा किया और इसे मोदी सरकार की निजता के उल्लंघन का हथियार बताया। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी और आरजेडी सांसद मनोज झा ने इस ऐप का विरोध करते हुए कहा कि सरकार लोगों की जासूसी करना चाहती है। हालांकि, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि विपक्षी सांसद भ्रम फैला रहे हैं। इस ऐप को डाउनलोड करना जरूरी नहीं होगा।
यह भी पढ़ें: Parliament Winter Session: संचार साथी ऐप पर संसद में संग्राम, प्रियंका गांधी ने इसे बताया सरकार का जासूस
SIR पर दोनों सदनों में हंगामा
वोटर लिस्ट संशोधन पर तत्काल चर्चा की मांग पर विपक्षी सांसद अड़े हुए हैं। राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। हम किसी भी मुद्दे पर चर्चा से नहीं भागना चाहते हैं और विपक्ष की आवाज हमारे लिए जरूरी है। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि सरकार इस सत्र में एसआईआर पर चर्चा करा सकती है।
कांग्रेस सांसद के पालतू कुत्ता लाने पर भी विवाद
संसद के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी के पालतू कुत्ते पर भी जमकर बवाल हुआ। हालांकि, सोमवार को उनका पेट डॉग उनके साथ गाड़ी में ही आया था और फिर वापस लौट गया। वह उसे लेकर अंदर नहीं आईं। इस पर बीजेपी सांसदों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इनके पास देश के मुद्दों पर बात करने का वक्त नहीं है। संसद भी मौज-मस्ती के लिए आते हैं। राहुल गांधी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुत्ता लाकर क्या गलत कर दिया? ये चर्चा की बात नहीं होनी चाहिए।
वंदे मातरम पर भी राज्यसभा में तीखी झड़प
राज्यसभा में वंदे मातरम पर चर्चा के प्रस्ताव पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच तीखी तकरार देखने को मिली। राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पहले स्पीकर पर आरोप लगाया कि वह सिर्फ जेपी नड्डा की ओर देखते हैं। इस पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने तीखा विरोध जताया। इसके बाद खरगे ने कहा कि जो लोग वंदे मातरम पर चर्चा की बात कर रहे हैं, उन्होंने कभी इसका विरोध किया था। वंदे मातरम हमारी तरफ से आया, यह हमारा नारा है।
यह भी पढ़ें: Winter Session: सरकारी स्कूलों का हाल बेहाल, केंद्र सरकार ने 6 साल में हजारों स्कूल बंद होने की बात मानी












Click it and Unblock the Notifications