संसद के मानसून सत्र की हुई शुरुआत, पीएम मोदी बोले – ऑपरेशन सिंदूर ने 22 मिनट में मिटा दिए आतंक के अड्डे
Parliament Monsoon Session 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले मीडिया को संबोधित किया। संसद भवन परिसर में मीडिया को संबोधित करते हुए न सिर्फ देश की प्रगति और सैन्य सफलता की झलक दी, बल्कि आने वाले समय के लिए एक प्रेरणादायक संदेश भी दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि, 'मानसून नवाचार और नई सृजनशीलता का प्रतीक है। अब तक जो समाचार प्राप्त हुए हैं, उनके अनुसार इस वर्ष का मानसून देश में बहुत अच्छा प्रगति कर रहा है। यह कृषि के लिए लाभकारी मौसम बताया जा रहा है। वर्षा किसानों की अर्थव्यवस्था, देश की अर्थव्यवस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और इससे भी बढ़कर हर परिवार की अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।'

यह मानसून सत्र एक विजय उत्सव के रूप में- PM
पीएम मोदी ने कहा कि, 'यह मानसून सत्र संसद का एक तरह से विजय उत्सव है। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर तिरंगे का फहराया जाना हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। सभी सांसद और देशवासी एक स्वर में इस उपलब्धि की प्रशंसा करेंगे। यह हमारे आने वाले मिशनों के लिए भी एक प्रेरणा बनेगा।'
'आतंक के सरगनाओं के घरों को ज़मीनदोज़ कर दिया'
पीएम मोदी नेआगे कहा कि, पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति की ताकत को देखा है। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत जो लक्ष्य निर्धारित किया था, उसे 100% हासिल किया गया। इस ऑपरेशन के अंतर्गत आतंक के सरगनाओं के घरों को सिर्फ 22 मिनट में ज़मीनदोज़ कर दिया गया।'
'दुनिया इस नए स्वरूप की 'मेड इन इंडिया' सैन्य शक्ति की ओर बहुत आकर्षित हो रही है। आजकल जब भी मेरी विदेशों में लोगों से मुलाकात होती है, तो वे भारत द्वारा निर्मित 'मेड इन इंडिया' हथियारों की प्रशंसा करते हैं और इस दिशा में दुनिया का आकर्षण लगातार बढ़ता जा रहा है।'
'25 करोड़ गरीब गरीबी रेखा से बाहर निकल चुके हैं'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'एक समय देश में ऐसा भी था, जब 2014 से पहले महंगाई दर दो अंकों में हुआ करती थी। आज यह घटकर करीब दो प्रतिशत के आसपास पहुंच गई है, जो देश के आम नागरिकों के जीवन में एक बड़ी राहत और सुविधा बन चुकी है।'
उन्होंने आगे कहा, 'देश के 25 करोड़ गरीब अब गरीबी रेखा से बाहर निकल चुके हैं। यह उपलब्धि न केवल देश के लिए गर्व की बात है, बल्कि इसे दुनिया की कई प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा भी सराहा जा रहा है।'
21 अगस्त तक चलेगा संसद
संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई 2025 से शुरू होकर 21 अगस्त 2025 तक चलेगा; बीच में 12 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता दिवस के कारण स्थगित रहेगा और फिर 18 अगस्त से फिर जारी रहेगा। इस दौरान कुल 21 बैठकें आयोजित की जाएंगी। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और अन्य आधिकारिक स्रोतों के अनुसार, यह सत्र ऑपरेशन सिंदूर, नए आयकर बिल, एंटी-डोपिंग कानून आदि महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें CM Yogi पहुंचे दिल्ली, PM Modi और अमित शाह के साथ अहम बैठक, औचक दौरे से सियासी अटकलें तेज












Click it and Unblock the Notifications