31 जनवरी से शुरू होगा संसद का बजट सत्र, कोरोना की वजह से सामने रहेंगी कई चुनौतियां
नई दिल्ली, 14 जनवरी: पूरे देश में कोरोना महामारी की तीसरी लहर का कहर जारी है। राजधानी दिल्ली भी इससे बुरी तरह प्रभावित है। इस बीच संसद के बजट सत्र का ऐलान हो गया, जो 31 जनवरी से शुरू होगा। इसी दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का अभिभाषण भी होगा। वहीं 1 फरवरी को सुबह 11 बजे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आम बजट पेश करेंगी। कोरोना महामारी को देखते हुए सत्र की तैयारियां उसी हिसाब से की जा रही हैं।

लोकसभा सचिवालय के मुताबिक 17वीं लोकसभा का 8वां सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा, जिसे आम भाषा में बजट सत्र भी कहते हैं। इसके 8 अप्रैल तक चलने की उम्मीद है। साथ ही 1 फरवरी को तय तारीख पर वित्त मंत्री बजट पेश करेंगी। सचिवालय के मुताबिक सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति संसद में अभिभाषण देंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने विनियोग (संख्या 5) अधिनियम, 2021 को अपनी स्वीकृति दे दी है, जो सरकार को चालू वित्त वर्ष के दौरान अतिरिक्त 3.73 लाख करोड़ रुपये खर्च करने के लिए अधिकृत करता है। वहीं इस बार सत्र दो चरणों में चलेगा। इसके पहले चरण के तहत दोनों सदन 31 जनवरी से 11 फरवरी तक चलेंगे, जबकि दूसरा चरण 14 मार्च से 8 अप्रैल तक चलने की उम्मीद है।
400 से ज्यादा कर्मचारी संक्रमित
आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले एक रिपोर्ट आई थी, जिसमें बताया गया था कि संसद के काम से जुड़े 400 से ज्यादा कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। ऐसे में सत्र को सही ढंग से संपन्न करवाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने राज्यसभा के 50 प्रतिशत कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम दे दिया था। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं के ऑफिस आने पर रोक लगा दी गई है।
स्पीकर ने कही ये बात
लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने हाल ही में संसद भवन का निरीक्षण किया था। उस दौरान उन्होंने कहा था कि स्थिति नियंत्रण में है और महामारी से मुकाबला करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के सांसदों का विशेष ध्यान रखा जाए और उनकी आवश्यकताओं को तत्परता से पूरा किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications